शिवपुरी,पुलिस की गिरफ्तारी के बाद भाग गया प्रेम का भूत,चकमा देकर अभिरक्षा से भागा प्रेमी

Lalit Mudgal
0
shivpuri-news

शिवपुरी।
देवास पुलिस की हिरासत से एक मुख्य आरोपी फिल्मी अंदाज में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मामला शिवपुरी जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र का है, जहां एनएच-46 स्थित एक भोजनालय पर चाय पीने के बहाने रुके तीन आरोपियों ने पेशाब जाने का बहाना बनाया और खेतों की ओर दौड़ लगा दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने पीछा कर दो आरोपियों को दबोच लिया, लेकिन महिला को भगाकर ले जाने का मुख्य आरोपी लल्ला जाटव मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। अब उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

प्रेम प्रसंग से जुड़ा है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर जिले के जलालपुर की रहने वाली एक विवाहिता की शादी देवास जिले में हुई थी। महिला का एक छोटा बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि महिला अपने प्रेमी लल्ला जाटव के साथ घर छोड़कर चली गई थी। इस मामले में महिला के लापता होने की रिपोर्ट देवास जिले के बरोठा थाने में दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान देवास पुलिस ने झांसी के मोठ क्षेत्र से महिला, उसके मासूम बच्चे, मुख्य आरोपी लल्ला जाटव और उसके दो साथियों को हिरासत में लिया। सभी को सरकारी वाहन से देवास ले जाया जा रहा था।

चाय और पेशाब का बहाना बनाकर भागे आरोपी
देवास लौटते समय पुलिस वाहन शिवपुरी जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र में एनएच-46 स्थित जैन भोजनालय पर रुका। यहां आरोपियों ने पहले चाय पी और इसके बाद पुलिस से पेशाब जाने की अनुमति मांगी। पुलिस ने जब उन्हें पास की झाड़ियों की ओर जाने दिया तो तीनों अचानक खेतों की तरफ दौड़ पड़े।

पुलिस और गौ सेवकों ने किया पीछा
आरोपियों को भागता देख पुलिसकर्मी भी उनके पीछे दौड़ पड़े। इसी दौरान भोजनालय के आसपास मौजूद गौ सेवकों और अन्य लोगों ने भी पुलिस का सहयोग किया और खेतों में आरोपियों का पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया, लेकिन मुख्य आरोपी लल्ला जाटव भागने में सफल रहा।

फरार आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही लुकवासा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि देर शाम तक मुख्य आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद देवास पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों, महिला और उसके बच्चे को अपने साथ देवास लेकर रवाना हो गई। फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, हिरासत से आरोपी के भाग निकलने की घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर पुलिस अभिरक्षा में होने के बावजूद आरोपी भागने में कैसे सफल हो गया।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!