शिवपुरी। नरवर किले से 16वीं सदी की ऐतिहासिक तोप चोरी मामले में शिवपुरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 10 दिन तक मध्यप्रदेश और राजस्थान में चली तलाश के बाद शिवपुरी पुलिस ने राजस्थान पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा पिकअप जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, चोरी गई ऐतिहासिक तोप अभी बरामद नहीं हो सकी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तोप बरामद कर इस सनसनीखेज वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, पुरातत्व विभाग में चौकीदार के पद पर पदस्थ रमेश कोली ने 16 जुलाई को थाना नरवर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 जुलाई की शाम ड्यूटी खत्म कर लौटने के बाद जब वह अगले दिन सुबह कचहरी महल पहुंचा तो वहां रखी 14 ऐतिहासिक तोपों में से एक तोप गायब थी। किले और आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आईजी और एसपी ने बनाई विशेष रणनीति
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद कुमार सक्सेना, डीआईजी डॉ. असित यादव और शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी ने फरार आरोपियों पर ₹10 हजार का इनाम घोषित किया, जिसे बाद में आईजी ने बढ़ाकर ₹30 हजार कर दिया।
सीसीटीवी और टोल प्लाजा बने पुलिस की ताकत
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने साइबर सेल की मदद से घटना स्थल से लेकर संभावित भागने के मार्ग तक सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को RJ34GA2980 नंबर की एक महिंद्रा पिकअप संदिग्ध दिखाई दी, जिसके आधार पर पुलिस राजस्थान के करौली जिले तक पहुंच गई।
राजस्थान पुलिस ने भी दिया पूरा सहयोग
करौली पुलिस की विशेष टीम ने बताया कि घटना के अगले दिन इसी वाहन के हथियार लेकर निकलने की सूचना मिली थी। हालांकि उस समय वाहन पुलिस के हाथ नहीं लगा। इसके बाद शिवपुरी और करौली पुलिस ने संयुक्त रूप से मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और लगातार निगरानी शुरू कर दी।
मुखबिर की सूचना पर दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार
25 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अमन मीणा अपने साथी के साथ चोरी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा पिकअप लेकर राजस्थान से शिवपुरी की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही नरवर और सुभाषपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी की और वाहन सहित दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
अमन कुमार मीणा पुत्र मोहनलाल मीणा, निवासी पालनपुर, थाना सदर हिण्डौन, जिला करौली (राजस्थान)और टिम्मू राम मीणा पुत्र भूराराम मीणा, निवासी गांवडा मीना, थाना सदर, जिला करौली (राजस्थान) पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹6 लाख कीमत की महिंद्रा बोलेरो पिकअप (क्रमांक RJ34GA2980) जब्त कर ली है।
अब तोप की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनके बताए ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और ऐतिहासिक तोप की बरामदगी के लिए पुलिस टीम फिर से करौली भेजी गई है। साथ ही इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। इस पूरे ऑपरेशन में एसडीओपी प्रशांत शर्मा, थाना प्रभारी विनय यादव, थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान, साइबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र जाट सहित शिवपुरी और करौली पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।