शिवपुरी जिला अस्पताल के सामने आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपनी एक साल की मासूम बच्ची के साथ बीच सड़क पर धरने पर बैठ गई। महिला इतनी अधिक आक्रोशित थी कि उसने गुस्से में आकर अपनी मासूम बच्ची को भी सड़क पर फेंक दिया। बीच सड़क पर इस तरह के ड्रामे को देखकर आम जनमानस की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले महिला को समझाइश देकर सड़क से हटाया और उसे पास ही स्थित तात्याटोपे पार्क ले गई। पुलिस स्टाफ ने महिला को शांत कराकर उससे परिजनों और मायके वालों का नंबर मांगने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों ने भी महिला की पहचान जानने की कोशिश की, लेकिन वह कैमरों के आगे कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थी।
मेरे पति को दूसरी महिला ले गई
काफी मशक्कत के बाद, बातों ही बातों में महिला ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि उसके पति को कोई दूसरी महिला अपने साथ ले गई है। इसी बात से आक्रोशित होकर वह सड़क पर बैठ गई थी। विवाहिता का दावा है कि उसने अपने पति के इस 'लव अफेयर' की शिकायत पूर्व में शिवपुरी एसपी से भी की है।
फिजीकल क्षेत्र की निवासी है महिला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला का पहनावा और बातचीत का तरीका देखकर वह किसी संपन्न परिवार की लग रही थी। बताया जा रहा है कि महिला शहर के फिजीकल थाना क्षेत्र की निवासी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने और महिला के परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।