दतिया उपचुनाव में उठा शिवपुरी के पिछोर को जिला बनाने का मुद्दा, यह बोले शिवराज सिंह

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले की पड़ोसी दतिया विधानसभा के उपचुनाव में शिवपुरी जिले की पिछोर तहसील को जिला बनाने का मुद्दा फिर से चर्चा में आ गया। यह मुद्दा उस समय उठा, जब देश के केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान दतिया विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करने पहुंचे।

दतिया जिले के बसई कस्बे, जो पिछोर विधानसभा की सीमा से लगा हुआ है, में बीते रोज कृषि उपज मंडी परिसर में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनसभा आयोजित की गई थी। मंच पर उनके पहुंचते ही पिछोर को जिला बनाने के समर्थन में नारेबाजी शुरू हो गई।

स्थिति को संभालते हुए पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि बसई क्षेत्र को शामिल करते हुए पिछोर को नया जिला बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मांग को वे भोपाल में उठाएंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली में इसकी पैरवी करेंगे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि जो वादा किया गया है, उसे हर हाल में निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इस संबंध में आग्रह करेंगे।

गौरतलब है कि पिछोर को जिला बनाने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। वर्ष 2023 के मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछोर की जनता से घोषणा की थी कि यदि यहां से भाजपा प्रत्याशी चुनाव जीतकर विधायक बनता है तो पिछोर को जिला बनाया जाएगा।

जनता ने अपना वादा निभाया और भाजपा प्रत्याशी प्रीतम सिंह लोधी विधायक निर्वाचित हुए, लेकिन अब तक पिछोर को जिला घोषित नहीं किया गया है। इस संबंध में विधायक प्रीतम लोधी विधानसभा में प्रश्न भी उठा चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।

दतिया उपचुनाव की जनसभा में शिवराज सिंह चौहान को देखते ही लोगों को उनका पुराना वादा याद आ गया और उन्होंने पिछोर को जिला बनाने की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। चुनावी माहौल को देखते हुए नेताओं ने जनता को आश्वस्त करने का प्रयास किया।

उल्लेखनीय है कि बसई क्षेत्र पिछोर विधानसभा की सीमा से लगा हुआ है। यहां के लोगों को उम्मीद थी कि यदि पिछोर जिला बनता है तो बसई क्षेत्र भी उसमें शामिल हो जाएगा, जिससे उन्हें प्रशासनिक और विकास संबंधी कई सुविधाओं का लाभ मिलेगा। हालांकि अब तक ऐसा नहीं होने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बनी हुई है, जिसका सामना जनसभा के दौरान शिवराज सिंह चौहान को भी करना पड़ा।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!