शिवपुरी,बारिश नही होने से बडी बैचेनी,उमस से लोग बेहाल, जिला अस्पताल की ओपीडी 900 के पार

Lalit Mudgal
0
shivpuri-news
शिवपुरी।
जिले में मानसून की रफ्तार थमते ही उमस और चिपचिपी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। पिछले चार दिनों से बारिश नहीं होने और लगातार दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद बूंदाबांदी तक नहीं होने से वातावरण में नमी बढ़ गई है। धूप और बादलों की आंख-मिचौली के बीच लोगों को पूरे दिन उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि घरों से लेकर बाजारों तक लोग पसीने से तर-बतर नजर आ रहे हैं।

रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान सामान्य रहने के बावजूद वातावरण में अत्यधिक नमी के कारण लोगों को गर्मी अधिक महसूस हो रही है। जुलाई के अंतिम सप्ताह में भी बारिश नहीं होने से राहत मिलने के बजाय उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

मौसम बदलते ही बढ़ीं बीमारियां, अस्पतालों में मरीजों की भीड़
मौसम में आए अचानक बदलाव का सबसे ज्यादा असर लोगों की सेहत पर दिखाई दे रहा है। जिला अस्पताल में इन दिनों वायरल बुखार, सर्दी-खांसी, गले में संक्रमण, उल्टी-दस्त, पेट दर्द और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते जिला अस्पताल की ओपीडी प्रतिदिन 900 मरीजों का आंकड़ा पार कर चुकी है। सुबह से ही पर्ची काउंटर और विभिन्न विभागों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आर.पी. सिंह के अनुसार मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसका सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ताजा और स्वच्छ भोजन करने, खुले में रखे खाद्य पदार्थों से बचने तथा बारिश के मौसम में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। साथ ही उमस के दौरान अनावश्यक धूप में निकलने से बचने और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने की भी सलाह दी गई है।

30 जुलाई के बाद फिर सक्रिय हो सकता है मानसून
मौसम विभाग के वैज्ञानिक प्रवेंद्र सिंह के अनुसार फिलहाल जिले में बारिश की संभावना कम बनी हुई है। हालांकि 30 जुलाई के बाद मानसून दोबारा सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं और जिले में अच्छी बारिश होने की संभावना है। तब तक लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। फिलहाल बारिश का इंतजार कर रहे जिलेवासियों को कुछ दिन और उमस भरे मौसम का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे ही मानसून दोबारा सक्रिय होगा, तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलेगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और बीमार होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!