शिवपुरी। शिवपुरी के पिपरसमा गांव मे निवास करने वाले एक प्रेमी प्रेमिका की लव स्टोरी से एक दुखद खबर मिल रही है। पिपरसमा गांव से फरार प्रेमी प्रेमिका को पुलिस ने गुजरात मे अपनी कस्टडी मे लिया था। रात के समय होटल के एक कमरे मे प्रेमी ने प्रेमिा की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी और स्वयं के गले को भी चाकू से रेत दिया। इस घटना मे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है उसे गुजरात के गांधी नगर के अस्तपाल मे भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र के पिपरसमा गांव निवासी रजनी धाकड़ उम्र 21 साल और संतोष जाटव उम्र 25 साल के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 7 जून की रात दोनों घर छोड़कर चले गए थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को दोनों की मौजूदगी गुजरात में मिली। शिवपुरी पुलिस की टीम युवती के भाई को साथ लेकर गुजरात पहुंची और 11 जून को राजकोट जिले के सांपर क्षेत्र में मजदूरों की एक झोपड़ी से दोनों को बरामद कर लिया।
थकान बनी होटल में रुकने की वजह
प्रेमी युगल को लेकर पुलिस टीम शिवपुरी लौट रही थी। लंबा सफर होने के कारण रात करीब 10 बजे गांधीनगर से आगे उदयपुर हाईवे पर स्थित होटल राइन इन पोर्ट में रुकने का निर्णय लिया गया। सभी लोगों ने भोजन किया और एक ही कमरे में आराम करने चले गए। कमरे में पुलिसकर्मियों के अलावा प्रेमी युगल और युवती का भाई मौजूद था। सबको लगा कि सुबह होते ही सफर फिर शुरू होगा, लेकिन रात ने एक खौफनाक मोड़ ले लिया।
रात दो बजे चीखों से मचा हड़कंप
रात करीब 2 से ढाई बजे के बीच अचानक कमरे से चीख-पुकार सुनाई दी। नींद खुलते ही वहां मौजूद लोगों ने जो दृश्य देखा, उसे देखकर सभी स्तब्ध रह गए। संतोष जाटव की गोद में रजनी खून से लथपथ पड़ी थी। उसके गले पर गहरे घाव थे और वह तड़प रही थी। वहीं संतोष के हाथ में चाकू था और वह उसी चाकू से अपना गला भी काट रहा था। पुलिसकर्मियों ने तत्काल संतोष को काबू किया, उसके हाथ से चाकू छीना और एंबुलेंस बुलाकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने रजनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि संतोष की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस कस्टडी पर उठे सवाल
इस सनसनीखेज वारदात के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर आरोपी के पास चाकू आया कहां से? पुलिस अधिकारियों के अनुसार होटल में रुकने से पहले संतोष की पूरी तलाशी ली गई थी और उसके पास कोई भी नुकीली वस्तु नहीं मिली थी। हालांकि टीम में महिला पुलिसकर्मी नहीं होने के कारण युवती की तलाशी नहीं ली जा सकी थी। अब जांच का प्रमुख बिंदु यही है कि कमरे तक चाकू कैसे पहुंचा और हत्या की वारदात किस परिस्थिति में हुई।
गुजरात पुलिस ने शुरू की जांच
घटना गुजरात के गांधीनगर जिले के चिलोड़ा थाना क्षेत्र में हुई है, इसलिए मामले की जांच अब गुजरात पुलिस कर रही है। हत्या और आत्महत्या के प्रयास सहित विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। शिवपुरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रेमी युगल को गुजरात से बरामद कर वापस लाया जा रहा था, इसी दौरान यह वारदात हुई। चूंकि घटना गुजरात में हुई है, इसलिए आगे की जांच वहां की पुलिस कर रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।