शिवपुरी। सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला शिवपुरी जिले की पोहरी जनपद की ऐसवाया ग्राम पंचायत के अहेरा गांव से सामने आया है, जहां संबल योजना के तहत मिलने वाली 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता दिलाने का झांसा देकर एक ग्रामीण महिला से 25 हजार रुपये ठग लिए गए।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि आरोपियों ने खुद को जनपद पंचायत का कर्मचारी बताकर पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब पंचायत सचिव ने पीड़ित को बताया कि सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए किसी प्रकार का कमीशन नहीं देना पड़ता।
पत्नी की मौत के बाद स्वीकृत हुई थी सहायता राशि
जानकारी के अनुसार, अहेरा गांव निवासी कमल फूल आदिवासी की पत्नी सोमवती का सामान्य मृत्यु के कारण निधन हो गया था। इसके बाद शासन की संबल योजना के तहत उन्हें 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता स्वीकृत हुई।
इसी दौरान पोहरी निवासी जाहिद खान और आफताब खान गांव पहुंचे। दोनों ने खुद को जनपद पंचायत का कर्मचारी बताते हुए कमल फूल से आधार कार्ड और बैंक पासबुक की फोटो कॉपी ले ली। सरकारी कर्मचारी होने का भरोसा दिलाकर उन्होंने पीड़ित का विश्वास जीत लिया।
खाते में 2 लाख आ गए हैं,कहकर मांगे 50 हजार रुपये
कुछ दिन बाद दोनों आरोपियों ने कमल फूल को पोहरी बुलाया और कहा कि संबल योजना की 2 लाख रुपये की राशि उनके खाते में आ चुकी है, लेकिन प्रक्रिया पूरी कराने और राशि निकलवाने के लिए 50 हजार रुपये देने होंगे। गरीब आदिवासी ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने सौदेबाजी शुरू कर दी। आखिरकार 25 हजार रुपये में बात तय हुई।
दो किश्तों में दिए 25 हजार, फिर भी खत्म नहीं हुई मांग
आरोप है कि कमल फूल ने आरोपियों को दो किश्तों में कुल 25 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद भी आरोपी लगातार और पैसे मांगते रहे। पीड़ित को विश्वास था कि प्रक्रिया पूरी होते ही उसके खाते में योजना की राशि मिल जाएगी।
पंचायत सचिव ने बताया-सरकारी योजना में नहीं लगता कमीशन
22 जुलाई को जब पंचायत सचिव नंदकिशोर गुप्ता की कमल फूल से बातचीत हुई तो उन्होंने बताया कि संबल योजना का लाभ पाने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क या कमीशन नहीं लिया जाता। यह सुनते ही कमल फूल को समझ में आया कि वह ठगी का शिकार हो चुका है।
पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जाहिद खान और उसके साथी आफताब खान के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी सरकारी योजनाओं का झांसा देकर ठगी का शिकार तो नहीं बनाया।
शिवपुरी समाचार,स्पेशल
कोई भी व्यक्ति किसी भी सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए किसी व्यक्ति को नकद राशि या कमीशन न दें। यदि कोई खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर पैसे की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग या पुलिस को दें। इससे ऐसे ठगों पर समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।