शिवपुरी। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। गरीबों का राशन हड़पने वाले विक्रेताओं और प्रबंधकों से 16 लाख रुपए से अधिक की वसूली के आदेश जारी किए गए है, वहीं दो दुकानों के संचालकों पर एफआईआर दर्ज कराई है और एक विक्रेता को जेल भेजा गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों की जांच में अनियमितता पाए जाने पर कोलारस अनुविभाग की चार उचित मूल्य दुकानों के पूर्व विक्रेता और प्रबंधकों से वसूली के आदेश दिए गए हैं। इसमें लेवा दुकान के पूर्व विक्रेता राजकुमार शर्मा से 4 लाख 41 हजार 300 रुपए, कार्या दुकान के पूर्व प्रबंधक सुआ लाल रावत, विक्रेता भगवान जाटव व सहायक विक्रेता अजय परिहार से 5 लाख 725 रुपए,रिन्हाय दुकान के विक्रेता सोनू जाटव, सहायक भारत यादव व प्रबंधक हेतराम जाटव से 3 लाख 37 हजार 35 रुपए और अटरूनी दुकान के विक्रेता चित्रांश ओझा से 3 लाख 20 हजार 407 रुपए की वसूली शामिल है। इसके साथ ही लेवा और कार्या दुकान के विक्रेताओं व प्रबंधकों के खिलाफ गंभीर अनियमितता पर तेंदुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बारिश में घर-घर पहुंचाया राशन
ग्राम मोहरा तहसील कोलारस में अत्यधिक बारिश के कारण हितग्राही दुकान तक नहीं पहुंच पा रहे थे। कलेक्टर के निर्देश पर विक्रेता विवेक वैरागी और उनकी टीम पीओएस मशीन व राशन लेकर घर-घर पहुंची और वितरण किया। सभी उचित मूल्य दुकानों की निरंतर समीक्षा की जा रही है और गड़बड़ी करने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
राशन न बांटने पर विक्रेता को जेल
वितरण में लापरवाही पर भी कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया। उन्हाई उचित मूल्य दुकान के विक्रेता गोपाल जाटव द्वारा ग्रामीणों को राशन न बांटने और भौतिक सत्यापन में दुकान पर स्टॉक न मिलने पर उसे तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
%20(4).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।