शिवपुरी। शिवपुरी सिटी कोतवाली में हुए एक घटनाक्रम के कारण सिटी कोतवाली प्रभारी टीआई रोहित दुबे को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, उपनिरीक्षक प्रवीण त्रिवेदी सहित सात पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। बीते मंगलवार-बुधवार की रात जब शहर में माता विसर्जन का दौर चल रहा था, उस समय शहर की सुरक्षा का भार उठाने वाले कोतवाली स्टाफ के कुछ जवान आपस में शराब के नशे में लड़ रहे थे। बुधवार की सुबह यह घटनाक्रम चर्चा में आने लगा। देर रात तक इस घटनाक्रम की तस्वीर सामने आई और शिवपुरी एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने कार्रवाई करते हुए कोतवाली टीआई रोहित दुबे को लाइन अटैच कर दिया।
क्या हुआ था मंगलवार-बुधवार की रात सिटी कोतवाली में
सूत्रों का कहना है कि मंगलवार-बुधवार की देर रात लगभग 1 बजे सिटी कोतवाली में पदस्थ हवलदार विनय सिंह जाटव और कोतवाली पुलिस के ड्राइवर शरद यादव सहित अन्य दो आरक्षक शराब के नशे में सिटी कोतवाली परिसर के पुराने महिला थाने के कमरों में जुआ खेल रहे थे। पत्तों की चाल और शराब के नशे में शरद यादव की जुबान बिगड़ गई और विनय यादव से झगड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि इस झगड़े में शरद यादव के साथ मारपीट कर दी गई। गुस्से में आए शरद यादव ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया।
गनीमत यह रही कि बंदूक की गोली अपने टारगेट पर ना पहुंचते हुए दिशाहीन हो गई। गोली चलने के बाद विनय सिंह सहित अन्य आरक्षक कोतवाली से गायब हो गए। गुस्से में शरद यादव इन्हें तलाश करते हुए माधव चौक तक पहुंचे, ऐसी खबर है। शिवपुरी समाचार डॉट कॉम ने इस मामले को लेकर विनय सिंह जाटव से बातचीत की तो कहा गया कि ऐसा कोई घटनाक्रम नहीं हुआ है, यह केवल एक अफवाह (रूमर) है। हालांकि, थाना परिसर में शराबखोरी, ताश खेलने और आरक्षकों के बीच विवाद की वास्तविक स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। पूरे मामले की पुष्टि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही हो सकेगी। कोतवाली परिसर का एक कैमरा इस घटनाक्रम का सच उगल सकता है, जो पुराने महिला थाने के क्षेत्र को कवर करता है।
बताया गया है कि टीआई दुबे की ड्यूटी
शहर के प्रमुख माधव चौक चौराहे पर थी। लेकिन वे करीब दो घंटे तक वहां मौजूद नहीं थे। मामले की जानकारी मिलने पर एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया सीधे शहर कोतवाली पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद देर रात कार्रवाई की गई। हालांकि, निलंबन आदेश और सीसीटीवी फुटेज फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। इसलिए थाने में हुई घटनाओं और कार्रवाई के आधार की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
सात पुलिसकर्मी भी कार्रवाई की जद में आए
स्टाफ पर नियंत्रण न रख पाने और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के कारण कोतवाली टीआई रोहित दुबे को लाइन अटैच किया गया है। वहीं, उपनिरीक्षक प्रवीण त्रिवेदी सहित छह पुलिसकर्मियों- गजेंद्र परिहार, देवेंद्र रावत, जितेंद्र रायपुरिया, विनय जाटव, शरद यादव और अवतार सिंह को निलंबित किया गया है।
दोबारा प्रभारी बने; अब फिर लाइन अटैच किए गए टीआई रोहित दुबे
टीआई रोहित दुबे अशोकनगर से शिवपुरी ट्रांसफर होकर आए थे। तत्कालीन एसपी अमन सिंह राठौर के कार्यकाल में उन्हें सिटी कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, एक जन आंदोलन के दौरान विवाद में आने के बाद उन्हें कोतवाली से हटा दिया गया था। बाद में उन्हें दोबारा इसी थाने की कमान मिली। अब दुर्गा विसर्जन के दौरान ड्यूटी और थाने में अनुशासनहीनता से जुड़े आरोपों के बीच उन्हें फिर लाइन अटैच कर दिया गया है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।