पोहरी। शिवपुरी जिले के पोहरी नगर मे मेडिकल स्टोर संचालको मे भगदड जैसी स्थिती देखने को मिली है। जिले की ड्रग इस्पेक्टर तनु गुप्ता पोहरी नगर के मेडिकल स्टोरो की जांच के लिए पहुंचने वाली थी,लेकिन ड्रग इस्पेक्टर के पोहरी आने की सूचना लीक हो गई,इस कारण अधिकांश मेडिकल स्टोरो पर ताले लटके मिले,वही ड्रग इस्पेक्टर के पोहरी रवाना होने के बाद सभी मेडिकल स्टोर के ताले खुल गए। पोहरी पहुंची ड्रग इस्पेक्टर तनु गुप्ता ने 2 मेडिकल स्टोरो को चेक किया और पोहरी की श्रीराम मेडिकल स्टोर पर नोटिस चस्पा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी से ड्रग इंस्पेक्टर तनु गुप्ता गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे पोहरी पहुंचीं। उन्होंने सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और वहां से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ नगर के मेडिकल स्टोरों की जांच के लिए निकलीं। लेकिन टीम के पहुंचने से करीब दो घंटे पहले ही कई मेडिकल संचालकों ने अपनी दुकानें बंद कर दी थीं।
जांच के दौरान दो मेडिकल स्टोरों की हुई पड़ताल
नगर में अधिकांश दुकानें बंद मिलने के कारण टीम केवल दो मेडिकल स्टोरों की ही जांच कर सकी। जांच के दौरान दवाओं के रखरखाव, स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस, प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री और रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया। विभाग ने संबंधित संचालकों से आवश्यक दस्तावेज और दवा मेंटेनेंस रजिस्टर लेकर कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए।
श्रीराम मेडिकल स्टोर पर चस्पा किया नोटिस
जांच के दौरान बंद मिले श्रीराम मेडिकल स्टोर पर ड्रग इंस्पेक्टर ने नोटिस चस्पा किया। नोटिस में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि दुकान खोलने से पहले संचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला शिवपुरी से संपर्क करें। विभाग का कहना है कि नोटिस के बाद संचालक को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित होना होगा।
सूचना लीक होने पर उठे सवाल
पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा सवाल यही है कि विभाग की कार्रवाई की जानकारी मेडिकल संचालकों तक पहले ही कैसे पहुंच गई। यदि टीम के पहुंचने से पहले अधिकांश दुकानें बंद हो गईं, तो स्पष्ट है कि कार्रवाई की सूचना पहले ही फैल चुकी थी। इससे विभागीय कार्रवाई की गोपनीयता और उसकी प्रभावशीलता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
बीएमओ बोले-कैसे लीक हुई जानकारी, पता नहीं
इस संबंध में बीएमओ डॉ. द्वारिका वर्मा ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच पोहरी पहुंची थीं। उनके आने तक अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद हो चुके थे। उन्होंने बताया कि टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ भेजा गया था, लेकिन सूचना किस माध्यम से लीक हुई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी मेडिकल स्टोर को सील नहीं किया गया है।
बंद मिले मेडिकल स्टोरों की होगी दोबारा जांच
ड्रग इंस्पेक्टर तनु गुप्ता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अग्रवाल मेडिकल स्टोर, संजय मेडिकल स्टोर और एसआर फार्मेसी एंड सर्जिकल के संचालकों को दवा मेंटेनेंस रजिस्टर एवं अन्य दस्तावेज लेकर विभागीय कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, श्रीराम मेडिकल स्टोर पर नोटिस चस्पा किया गया है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के कारण जो मेडिकल स्टोर बंद मिले, उनकी भी अलग से जांच की जाएगी और आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।