शिवपुरी। शिवपुरी जिले के खोड गाँव मे मध्यदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की जन चौपाल में ग्रामीणों द्वारा बिजली कंपनी के खिलाफ की गई शिकायतों के बाद खोड़ सेक्टर के कनिष्ठ यंत्री (जेई) कैलाश अहिरवार को निलंबित कर दिया गया है। जनचौपाल में ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जमकर नाराजगी जाहिर की थी।
गौरतलब है कि रविवार को खोड़ स्थित धाय महादेव मंदिर परिसर में आयोजित जनचौपाल के दौरान वीरा गांव के ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री के सामने ही बिजली विभाग चोर है के नारे लगाए थे। ग्रामीण लंबे समय से गांव में टूटे पड़े बिजली के खंभों और तारों की समस्या के समाधान नहीं होने से आक्रोशित थे।
ग्रामीणों ने मंत्री को बताया था कि उनके खेत से गुजरने वाली बिजली लाइन का खंभा और तार लंबे समय से टूटा पड़ा है। शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। आरोप लगाया कि बिजली कर्मचारियों ने खंभा और तार ठीक कराने के लिए 3 हजार रुपए की मांग की थी, जबकि पहले भी तार जुड़वाने के लिए 1500 रुपए देने पड़े थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ऊर्जा मंत्री तोमर ने समस्या का तत्काल समाधान कर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा था। इसके बाद विभाग ने खोड़ सेक्टर के जेई कैलाश अहिरवार को निलंबित कर दिया। निलंबन की कार्रवाई को ग्रामीणों की शिकायतों और विभागीय लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।