खनियाधाना। खनियाधाना थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुए सोने-चांदी के जेवर भी बरामद कर लिए हैं। मामले में आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद उपजेल पिछोर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी केदार सिंह यादव ने बताया कि ग्राम अछरौनी निवासी महेश कोली ने 18 मई को थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 17 और 18 मई की दरम्यानी रात कोई अज्ञात चोर उसके घर में घुस आया। चोर ने पहले दरवाजे का ताला तोड़ा, फिर घर में रखी तिजोरी को निशाना बनाया। तिजोरी का लॉक तोड़कर उसमें रखी दो चांदी की कमरपेटी और एक जोड़ी सोने के कान के फूल चोरी कर लिए गए।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गांव और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली, जिसके आधार पर संदेह ग्राम अछरौनी निवासी 18 वर्षीय अरविन्द्र आदिवासी पर गया।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस उसके घर पहुंची, जहां टपरिया में भूसे के अंदर छिपाकर रखे गए चोरी के जेवर बरामद किए गए। बरामद सामान में दो चांदी की कमरपेटी और एक जोड़ी सोने के कान के फूल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 98 हजार रुपए है।
चोरी की वारदात का इतने कम समय में खुलासा होने पर पुलिस टीम की सराहना की जा रही है। पुलिस ने आरोपी अरविन्द्र आदिवासी को गिरफ्तार कर न्यायालय खनियाधाना में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।