शिवपुरी। शिवपुरी जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल ने दो बिछड़े लोगों को फिर से उनके परिवार से मिला दिया। वर्षों से निराश्रित और मानसिक रूप से अस्वस्थ अवस्था में अपना घर आश्रम में रह रहे दो प्रभु जी की पहचान आधार कार्ड के माध्यम से हुई, जिसके बाद उनके परिजन उन्हें लेने आश्रम पहुंचे। लंबे इंतजार के बाद हुए इस मिलन ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।
पहला मामला बिहार के गया जिले के ग्राम किशनपुरा निवासी रामप्रवेश सिंह का है। बताया गया कि वह मानसिक रूप से विक्षिप्त एवं निराश्रित अवस्था में पिछले कुछ समय से अपना घर आश्रम भरतपुर और वर्तमान में शिवपुरी आश्रम में रह रहे थे। आश्रम में उनका भरण-पोषण और देखभाल की जा रही थी। करीब तीन साल पहले वह अपने परिवार से बिछड़ गए थे और उनका कोई पता नहीं चल पा रहा था।
जिला प्रशासन ने उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए आधार कार्ड बायोमेट्रिक प्रक्रिया शुरू कराई। इसके लिए भोपाल स्थित यूआईडीएआई के क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क किया गया। जांच में पता चला कि वर्ष 2018 से उनके नाम से आधार कार्ड पहले से बना हुआ है। इसी आधार पर उनकी पहचान रामप्रवेश सिंह के रूप में हुई और उनका पता बिहार के गया जिले का निकला।
जैसे ही यह सूचना उनके परिवार तक पहुंची, खुशी का माहौल बन गया। उनके भाई तुरंत शिवपुरी आश्रम पहुंचे और वर्षों बाद अपने भाई को देखकर भावुक हो उठे। परिवार और रामप्रवेश सिंह के मिलन का दृश्य वहां मौजूद लोगों की आंखें नम कर गया।
इसी तरह दूसरा मामला उज्जैन निवासी राहुल मालवीय का है, जो पिछले करीब दस वर्षों से अपने परिवार से बिछड़े हुए थे। राहुल मालवीय पहले “अपना घर आश्रम उदयपुर” और “भरतपुर” में रहे, बाद में उन्हें शिवपुरी आश्रम में रखा गया। आश्रम में उनकी लगातार देखभाल और भरण-पोषण किया जा रहा था।
आधार कार्ड के जरिए उनकी पहचान उज्जैन निवासी के रूप में हुई। जब उनके परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो वे तुरंत शिवपुरी पहुंचे। लगभग एक दशक बाद अपने प्रियजन को सामने देखकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। यह पल बेहद भावुक और मानवीय संवेदनाओं से भरा हुआ था।
जिला प्रशासन और अपना घर आश्रम की इस पहल की सराहना की जा रही है। प्रशासन ने न केवल तकनीक और दस्तावेजों की मदद से पहचान सुनिश्चित की, बल्कि आश्रम ने भी लंबे समय तक इन निराश्रित लोगों की देखभाल कर उन्हें सुरक्षित रखा। अब दोनों लोग अपने परिवार के साथ नई जिंदगी की शुरुआत करेंगे।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।