खनियाधाना। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के खनियाधाना सीमा मे आने वाले ग्राम अमुहाय मजरा बंजारी में महज 1500 रुपए की उधारी को लेकर ऐसा विवाद हुआ, जिसने पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया। उधार दिए पैसे वापस मांगने पहुंचे एक ग्रामीण पर कर्जदार आदिवासी ने बंदूक से गोली चला दी। गोली के छर्रे ग्रामीण के सीने और हाथ में जा लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी बंदूक लेकर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने सीतापाठा मंदिर की पहाड़ी से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम अमुहाय मजरा बंजारी निवासी 50 वर्षीय अच्छेलाल आदिवासी ने गांव के ही सुरेश उर्फ कल्ला पुत्र रामचरण ओझा (45) को करीब 1500 रुपए उधार दिए थे। बताया जा रहा है कि अच्छेलाल लंबे समय से अपने पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन आरोपी बार-बार टालमटोल कर रहा था। शुक्रवार को जब अच्छेलाल ने फिर से पैसे लौटाने की बात कही और नाराजगी जाहिर की, तो विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि सुरेश उर्फ कल्ला इस बात से इतना नाराज हो गया कि वह अपने घर के अंदर गया और वहां से भरमार एकनाली बंदूक लेकर बाहर आ गया। इसके बाद उसने अच्छेलाल के साथ जातिसूचक अपमान करते हुए उस पर गोली चला दी। गोली के छर्रे अच्छेलाल के सीने और बाएं हाथ में लगे, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन और ग्रामीण घायल अच्छेलाल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायल के बयान और देहाती नालसी के आधार पर आरोपी सुरेश उर्फ कल्ला ओझा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गया था। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान खनियाधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सीतापाठा मंदिर की पहाड़ी पर छिपा हुआ है और उसके पास बंदूक भी है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान सुरेश उर्फ कल्ला ओझा के रूप में हुई। पुलिस ने जब आरोपी से बंदूक का लाइसेंस मांगा तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से एक नाली बंदूक जब्त कर पंचनामा तैयार किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस अब अवैध हथियार रखने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत भी जांच कर रही है। गांव में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है और लोग महज डेढ़ हजार रुपए के विवाद में चली गोली को लेकर हैरानी जता रहे हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।