शिवपुरी। सीबीएसई बोर्ड के 12वीं के परीक्षा परिणाम ने शिवपुरी में एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शहर के देहात थाना क्षेत्र के लुहारपुरा इलाके में रहने वाले 18 वर्षीय छात्र ने परीक्षा में दो विषयों में पूरक (एटीकेटी) आने से तनाव में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान आर्यभान सिंह सिसौदिया पुत्र धर्मेन्द्र सिंह सिसौदिया निवासी लुहारपुरा के रूप में हुई है। आर्यभान ने इसी वर्ष सीबीएसई बोर्ड से 12वीं की परीक्षा दी थी। बुधवार शाम को जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, उसने अपना रिजल्ट देखा। रिजल्ट में दो विषयों में पूरक आने से वह काफी परेशान और निराश हो गया।
परिजनों के मुताबिक रिजल्ट देखने के बाद आर्यभान बिना किसी से ज्यादा बातचीत किए सीधे घर की तीसरी मंजिल पर बने अपने कमरे में चला गया। परिवार के लोगों ने शुरुआत में इसे सामान्य माना, लेकिन काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आने पर परिजन उसे देखने पहुंचे।
जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो परिवार के लोगों के होश उड़ गए। आर्यभान कमरे में फंदे पर लटका हुआ था। परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र परीक्षा परिणाम को लेकर मानसिक तनाव में था।
देहात थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह सेंगर ने बताया कि परिजनों ने छात्र के रिजल्ट आने के बाद परेशान रहने की जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
यह घटना एक बार फिर परीक्षा परिणाम के दबाव और विद्यार्थियों पर बढ़ते मानसिक तनाव को उजागर करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा में असफलता जीवन का अंत नहीं होती, बल्कि परिवार और समाज को बच्चों को भावनात्मक सहयोग देने की जरूरत है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।