रन्नौद। शिवपुरी जिले की जनपद पंचायत बदरवास के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत विजयपुरा का सूखा राजापुर गांव इन दिनों अपने नाम के अनुरूप ही पूरी तरह सूखाग्रस्त हो चुका है। भीषण गर्मी के रौद्र रूप के बीच गांव में पानी की ऐसी किल्लत है कि इंसानों के साथ-साथ बेजुबान मवेशी भी अपनी जान गंवा रहे हैं। ताजा मामले में, स्वच्छ पानी न मिलने के कारण गांव में दो गोवंशों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जिसने प्रशासनिक दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं।
दबंगों का कब्ज़ा और सरपंच की लाचारी
गांव की सरपंच पिंकी दांगी ने इस संकट के पीछे एक बड़ी वजह का खुलासा किया है। सरपंच के अनुसार, गांव में करीब 8 शासकीय नलकूप हैं, लेकिन इन सभी पर गांव के कुछ रसूखदार दबंगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। सरपंच ने जनपद पंचायत बदरवास के अधिकारियों का आदेश दिखाते हुए स्पष्ट किया कि पूर्व में भी आधा दर्जन लोगों के खिलाफ अवैध कब्जे को लेकर नोटिस जारी हुए थे, लेकिन प्रशासन की दिलचस्पी न होने के कारण इन नलकूपों को मुक्त नहीं कराया जा सका।
सोशल मीडिया पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
इस विकराल समस्या को लेकर एक स्थानीय युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर गांव की सरकार और जिला प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ सरकार गोवंश संरक्षण के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ गांव में पानी के अभाव में गायें दम तोड़ रही हैं।
ग्रामीणों की मांग
जब तक सरकारी नलकूपों को दबंगों के चंगुल से मुक्त नहीं कराया जाएगा, तब तक गांव की प्यास नहीं बुझेगी। क्या प्रशासन और भी मौतों का इंतज़ार कर रहा है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
सरपंच पिंकी दांगी का कहना हैं कि गर्मी प्रचंड है और नलकूपों पर कब्जा होने के कारण जल आपूर्ति ठप है। हमने अधिकारियों को सूचना दी है, लेकिन जब तक कब्जे नहीं हटेंगे, स्थिति सामान्य होना मुश्किल है। पूर्व में निकले आदेशों के बावजूद कार्रवाई न होना, तहसील प्रशासन और जनपद पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े करता है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।