शिवपुरी। शहर की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एक युवक और उसके रिश्तेदार पर मानसिक, शारीरिक और जातिसूचक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी युवक ने उसे तीन साल तक पत्नी की तरह अपने साथ रखा, भरोसे दिलाए, लेकिन अब उसके साथ मारपीट, धमकी और पैसों की मांग कर प्रताड़ित किया जा रहा है। मामले ने शहर में चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है।
पीड़िता, जो शिवपुरी की निवासी बताई जा रही है, ने अपने आवेदन में कहा कि करई गंगौर निवासी मुकेश धाकड़ ने उसे अपने साथ पत्नी की तरह रखा था। आरोपी ने भरण-पोषण और साथ निभाने का भरोसा दिया था। महिला का दावा है कि आरोपी ने उसके आधार कार्ड में भी पति के रूप में अपना नाम दर्ज कराया था, जिससे वह पूरी तरह उसके भरोसे पर जीवन गुजारती रही।
दो साल से प्रताड़ना का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि पिछले करीब दो वर्षों से मुकेश धाकड़ और उसका रिश्तेदार दारासिंह धाकड़ उसके साथ लगातार मानसिक और शारीरिक शोषण कर रहे हैं। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने के साथ झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी जाती थीं।
पीड़िता का कहना है कि उसे लगातार डर और दबाव के माहौल में रखा गया। कई बार उसने समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों का व्यवहार और अधिक आक्रामक होता गया।
हर महीने 5 हजार रुपए मांगने का आरोप
महिला ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उससे हर महीने 5 हजार रुपए की मांग करते थे। रुपए नहीं देने पर उसके साथ अभद्रता और मारपीट की जाती थी। इतना ही नहीं, महिला ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि उस पर अन्य लोगों से संबंध बनाने का दबाव डाला गया।
महिला के मुताबिक जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देकर उसका अपमान किया और उसे डराने-धमकाने लगे।
पहले भी दिया था आवेदन
पीड़िता ने बताया कि उसने 24 अप्रैल 2026 को भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिला का आरोप है कि कुछ दिन पहले आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया।
उसका कहना है कि शिकायत वापस नहीं लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी जा रही है, जिसके कारण वह भय के माहौल में जी रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।