पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के भौती थाना सीमा में आने वाले उमरी रोड पर शुक्रवार रात हुआ दर्दनाक हादसा यह साबित करता है कि हेलमेट परेशानी नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है। इस हादसे में 63 वर्षीय बुजुर्ग और 19 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान चली गई।
घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे भौती थाना क्षेत्र के ग्राम मनपुरा में ऊमरी रोड पर हुई। यहां दो बाइक आमने-सामने से जोरदार तरीके से भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में गणेश खेड़ा निवासी 63 वर्षीय नहार सिंह परिहार और पिछोर के बाचरौन चौराहा निवासी 19 वर्षीय ईशांत वंशकार पुत्र धर्मेंद्र बंशकार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भौती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि समाज के लिए बड़ा संदेश भी है। पुलिस लगातार लोगों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने के लिए जागरूक करती है, लेकिन अधिकांश लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं। कई लोग छोटी दूरी या गांव की सड़कों पर हेलमेट पहनना जरूरी नहीं समझते, जबकि हादसे कहीं भी और कभी भी हो सकते हैं।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिम्मेदारी केवल खुद की नहीं होती, बल्कि परिवार की भी होती है। 63 साल के बुजुर्ग ने न तो स्वयं हेलमेट पहना और न ही 19 वर्षीय युवक को हेलमेट पहना था। विशेषज्ञों के अनुसार सड़क हादसों में होने वाली मौतों का बड़ा कारण सिर में गंभीर चोट लगना होता है। हेलमेट इस खतरे को काफी हद तक कम कर देता है। एक मजबूत हेलमेट कई बार जिंदगी और मौत के बीच फर्क साबित होता है।
यह हादसा उन लोगों के लिए भी चेतावनी है जो हेलमेट को केवल चालान से बचने का साधन मानते हैं। वास्तव में हेलमेट पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपने परिवार की सुरक्षा और उनकी खुशियों को बचाने के लिए पहनना चाहिए। क्योंकि एक लापरवाही सिर्फ एक व्यक्ति की जान नहीं लेती, बल्कि पूरे परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे जाती है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।