शिवपुरी। शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर आज गणेश कॉलोनी फतेहपुर निवासी और बस स्टैंड स्थित महाकाल होटल के संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला गहराता जा रहा है। मृतक की पत्नी ने अपने पति के दोस्तों पर योजनाबद्ध तरीके से हत्या करने का आरोप लगाया हैं,वहीं मृतक की पत्नी का कहना हैं कि जल्द से जल्द आरोपियों की तलाश की जाये। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार निवासी गणेश कॉलोनी फतेहपुर की रहने वाली पूजा धाकड़ ने बताया कि मेरे पति विकास उर्फ विक्की धाकड़ आयु 38 वर्ष को 26 अप्रैल 2026 को सुबह पीयूष मौर्य नामक व्यक्ति का विकास के पास कॉल आया था। दोपहर में विकास ने मुझे और मां को बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ किसी गमी में शामिल होने डबरा जा रहा है और रात तक लौट आएगा। जब विकास रात भर घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल स्विच ऑफ आया, तो परिजनों को चिंता हुई।
अगले दिन 27 अप्रैल को जब परिजनों ने पीयूष मौर्य से संपर्क किया, तो उसने बताया कि रास्ते में विवाद होने के कारण वे विकास को बीच रास्ते में ही छोड़कर आ गए थे। उसी दिन दोपहर को दतिया जिले के गोराघाट थाने से सूचना मिली कि विकास का शव बरामद हुआ है। परिजनों ने दतिया सिविल अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त की, जिसके बाद 28 अप्रैल को शिवपुरी में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों ने लगाया हत्या का संगीन आरोप
मृतक की पत्नी पूजा धाकड़ का आरोप है कि पीयूष मौर्य, सोहन सिंह, प्रमोद और चालक सुल्तान रावत ने मिलकर उनके पति की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को सिंध नदी के पास फेंक दिया। पीड़िता का कहना है कि पीयूष और उसके साथियों के बयानों में विरोधाभास है, जो हत्या की ओर इशारा करता है।
पुलिस की सुस्ती पर नाराजगी
पीड़िता ने बताया कि घटना के संबंध में 4 मई 2026 को ही एसपी शिवपुरी को आवेदन दिया गया था, लेकिन आज दिनांक तक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पीड़िता ने सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि उसके दो छोटे बच्चे और विधवा सास है और उसे डर है कि आरोपी उन पर भी हमला करवा सकते हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।