शिवपुरी। जिले में फिनो बैंक मे खाते खोलने वाले किसी गैंग ने बडा फ्रॉड कर दिया है। लगभग 1 करोड़ का साइबर फ्रॉड हो गया। फिनो बैंक मे खोले गए खातों मे कर्मचारी,किसान और पब्लिक का सरकारी पैसा जमा हो गया,लेकिन पैसा ठगो के हाथ मे पहुंच गया। हालांकि मामला समाने आने आने के बाद 60 दिन तक पुराने खातो पर होल्ड लगा दिया,लेकिन इस होल्ड से पहले लोगों के खाते साफ हो गए। इस पुरे गैंग को पकडना और पब्लिक का पैसा वापस करना पुलिस के लिए अब एक चुनौती है।
सबसे पहले पढे आप इस शिकायत को
अतिथि शिक्षक पवन सिंह दांगी पुत्र नारायण सिंह दांगी निवासी चंदौरिया थान सीमा कोलारस ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत करते हुए आवेदन के माध्यम से बताया कि द्वारा अपनी फसल गेहूं उपार्जन केन्द्र पर अपने फसल का रजिस्ट्रेशन कराया था उसके बाद प्रार्थी के द्वारा फसल विक्रय की राशि अपने बैंक खाते में चेक की तब बैंक द्वारा बताया गया कि आपका पैसा खाता क्रमांक 30000765913 में चला गया है जब उक्त खाते की प्रार्थी के द्वारा छानबीन की गई तो पता चला कि उक्त खाता क्रमांक 30000765913 फिनो पेमेंट बैंक शाखा शिवपुरी में जाकर पता किया तो प्रार्थी के स्वयं के नाम पर उक्त खाता प्रार्थी के नाम पर संचालित पाया गया।
जब उक्त खाते के संबंध में प्रार्थी द्वारा फिनो पेमेंट बैंक कर्मचारियों से बात की गई तब उनके द्वारा कोई भी संतोषजनक जवाब एवं उक्त खाते के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी देने से इन्कार कर दिया। प्रार्थी द्वारा जब अपने बैंक अकाउंट में अपने पैसे के बारे में जानकारी प्राप्त की तो फिनो पेमेंट बैंक कर्मचारी के द्वारा बताया गया कि उक्त बैंक खाते की डी.बी.टी. जो पूर्व में बैंक ऑफ इण्डिया के खाते से लिंक थी वह अब फिनो पेमेंट में कर दी गई है जिसके द्वारा बैंक ऑफ इण्डिया में आने वाली समस्त धनराशि डी.बी.टी. के माध्यम से उक्त फर्जी खातें में जमा कर दी गई जिसको दिनांक 04.05.2026 को अलग-अलग समय में अलग-अलग राशि के रूप में कुल राशि लगभग 75,000/-रुपये की अवैध निकासी प्रार्थी की बिना किसी जानकारी के उक्त अवैध खाते के माध्यम से किसी अन्य व्यक्ति द्वारा प्राप्त कर ली गई है।
उक्त फर्जी खाते के संबंध में प्रार्थी द्वारा न तो प्रार्थी द्वारा कभी कोई ऐसा खाता खोला गया न किसी भी व्यक्ति को खाता खोलने के संबंध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए है और न ही कभी कोई ओ.टी.पी. किसी को नहीं दी गई न ही किसी प्रकार से आधार इत्यादि की जानकारी प्रदान नहीं की गई फिर भी प्रार्थी के नाम पर उक्त खाते का संचालन फिनो बैंक द्वारा अवैध तरीके से खोलकर किया जा रहा है जिसमें बैंक कर्मी की संलिप्तता होने से भी इनकार नहीं किया जा सकता है अवैध खाता क्रमांक 30000765913 फिनो पेमेंट बैंक का संचालित किया जा रहा है, जिससे किसी सद्दाम हुसैन द्वारा लेन-देन किया जा रहा है।
एक्सिस बैंक का खाता दिया, भुगतान पहुंचा फिनो बैंक में
ग्राम गंगोरा के किसान भजन सिंह ने पत्नी सुशीला देवी के पंजीयन पर सेवा सहकारी संस्था कोटा में 7 मई को 86 क्विंटल गेहूं तुलवाया। भुगतान के लिए एक्सिस बैंक खाता दिया था, लेकिन 2.25 लाख रुपए फिनो पेमेंट बैंक खाते में पहुंच गए। परिवार ने फिनो बैंक में कभी खाता नहीं खुलवाया।
कर्ज काटकर भुगतान हुआ, फिर भी खाते में नहीं पहुंचा
ग्राम बेहटा निवासी किसान विश्वीर सिंह जाट ने सेवा सहकारी संस्था पचावली में 306 क्विंटल गेहूं बेचा। 1.40 लाख रुपए कर्ज काटकर 6.65 लाख रुपए भुगतान बताया गया, लेकिन राशि फिनो बैंक खाते में पहुंच गई। किसान ने साइबर सेल में शिकायत की है।
अब खेती के लिए कर्ज की चिंता
ग्राम सूखा राजापुर निवासी किसान अमर सिंह अब अपनी ही मेहनत की कमाई के लिए परेशान हैं। उनका कहना है कि गेहूं बेचने के बाद भुगतान की रकम किसी दूसरे खाते में पहुंच गई। जब वे कियोस्क पर पहुंचे तो पता चला कि फिनो बैंक खाते में 1.48 लाख रुपए जमा हुए हैं। उन्होंने उसमें से 5 हजार रुपए निकाले, लेकिन इसके बाद खाते से 40 हजार रुपए और निकल गए। अब खाते में सिर्फ 1.03 लाख रुपए बचे हैं। अमर सिंह का कहना है कि उन्हें अगली फसल के लिए खेत तैयार करना है। अगर जल्द पैसे वापस नहीं मिले तो खेती के लिए कर्ज लेना पड़ेगा।
मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने शिवपुरी जिले में फिनो पेमेंट बैंक में अप्रैल और मई, दो माह के भीतर खुले हुए सभी खातों को संदिग्ध मानते हुए होल्ड लगा दिया है। अब संबंधित खातों से राशि नहीं निकाली जा सकेगी। राशि जमा भी नहीं हो सकेगी। कुल मिलाकर लगभग 100 खातो पर होल्ड लगाया गया है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।