शिवपुरी,गर्मी का डबल अटैक,सूरज तपा रहा है,कटौती झुलसा रही है,अस्पताल में ओपीडी 900 के पास

vikas
0
shivpuri samachar

शिवपुरी।
जिले में पड़ रही भीषण गर्मी अब आम जनजीवन के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं पर भी भारी पड़ने लगी है। लगातार बढ़ते तापमान और लू के थपेड़ों के बीच जिला अस्पताल सहित स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हालात यह हैं कि जिला अस्पताल की ओपीडी पिछले पांच दिनों से प्रतिदिन 900 मरीजों का आंकड़ा पार कर रही है। वहीं पिछले कुछ सप्ताह में हीट स्ट्रोक और गर्मी जनित बीमारियों से पीड़ित एक सैकड़ा से अधिक मरीज अस्पताल पहुंच चुके हैं। दूसरी ओर अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।

गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कें सूनी नजर आईं। अस्पताल पहुंच रहे अधिकांश मरीजों में चक्कर आना, उल्टी-दस्त, डिहाइड्रेशन, कमजोरी, सिरदर्द और लू लगने जैसे लक्षण पाए जा रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और खुले में काम करने वाले मजदूरों पर गर्मी का सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है।

जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और सामान्य जांच के लिए भी मरीजों की लंबी कतारें लगी दिखाई दीं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में संचालित सात संजीवनी क्लीनिकों में भी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इनमें से पांच क्लीनिक जिला मुख्यालय पर संचालित हो रहे हैं, जहां प्रतिदिन उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं।

हालांकि स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी सवालों के घेरे में है। डॉक्टरों की कमी के कारण कई संजीवनी क्लीनिकों में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे खेड़ापति मंदिर और पुरानी शिवपुरी क्षेत्र के संजीवनी क्लीनिक में डॉक्टर की कुर्सी खाली मिली, जिससे मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी।

बिजली की कटौती से लोग परेशान

उधर गर्मी के इस दौर में अघोषित बिजली कटौती लोगों के लिए नई मुसीबत बन गई है। शहर के कस्टम गेट, सदर बाजार, टेकरी बाजार, सर्राफा बाजार, मनियर, फिजिकल और अन्य इलाकों में दिन और रात के समय बिना सूचना बिजली आपूर्ति बाधित रही। लोगों का कहना है कि रात दो बजे के बाद बिजली कटने से नींद पूरी नहीं हो पा रही, जबकि दिन में भी कई घंटों तक बिजली गुल रहने से कूलर और पंखे बंद हो जाते हैं।

गणेश गली निवासी सुसुभ भार्गव ने बताया कि तेज गर्मी में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं बिजली कटौती के कारण घरों में रहना भी दूभर हो गया है। पानी की समस्या भी बढ़ रही है, क्योंकि बिजली नहीं रहने से बोर नहीं चल पा रहे। हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही।

बिजली कंपनी के सहायक अभियंता इंद्रपाल बघेल ने बताया

कि तेज गर्मी के कारण ट्रांसफार्मरों पर लोड काफी बढ़ गया है और कई ट्रांसफार्मर ओवरहीट हो रहे हैं। यदि गर्मी का यही हाल रहा तो ट्रांसफार्मरों में आग लगने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं। इससे बचाव के लिए कंपनी अब कई पावर हाउस पर बड़े कूलर लगाने की तैयारी कर रही है।

वहीं न्यू ब्लॉक निवासी इलेक्ट्रिशियन पंकज बाथम ने बताया कि गर्मी बढ़ने के बाद उनके पास रोजाना कूलर खराब होने और फ्रिज बंद होने की कई शिकायतें आ रही हैं। दोपहर 12 बजे के बाद बाहर काम करना मुश्किल हो गया है और घरों में भी लोग लू की चपेट में आ रहे हैं।

बिजली कंपनी के महाप्रबंधक दिनेश सुखीजा का कहना है

कि गर्मी की वजह से ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त लोड बढ़ गया है। कहीं फाल्ट होने पर सुरक्षा के लिहाज से परमिट लेकर बिजली बंद करनी पड़ती है। हालांकि कंपनी अनावश्यक रूप से बिजली कटौती नहीं कर रही है। यदि कहीं बिना सूचना बिजली काटी जा रही है तो इसकी जांच कराई जाएगी।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!