शिवपुरी। यूआईटी आरजीपीवी शिवपुरी में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेंटल हेल्थ एंड सुसाइड प्रिवेंशन अवेयरनेस प्रोग्राम विषय पर आयोजित इस विशेषज्ञ व्याख्यान का उद्देश्य छात्रों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आत्महत्या रोकथाम को लेकर संवेदनशीलता विकसित करना था। कार्यक्रम नेशनल टास्क फोर्स के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध विशेषज्ञ डॉ. वंदना खुराना उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक तनाव, अवसाद, भावनात्मक दबाव और आत्महत्या जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज की प्रतिस्पर्धात्मक जीवनशैली में युवा कई प्रकार के मानसिक दबावों से गुजरते हैं, ऐसे में अपनी भावनाओं को साझा करना और समय पर परामर्श लेना बेहद जरूरी है।
डॉ. खुराना ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने, परिवार और मित्रों से संवाद बनाए रखने तथा कठिन परिस्थितियों में अकेले संघर्ष करने के बजाय मदद लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है और समय रहते सहयोग एवं संवाद से कई समस्याओं का समाधान संभव हो सकता है।
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी श्रीमती प्रतिभा चौरसिया रहीं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों से मानसिक रूप से जागरूक एवं संवेदनशील बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज में फैली झिझक और गलत धारणाओं को दूर करना समय की आवश्यकता है।
संस्थान के संचालक प्रोफेसर डॉ. एस.के. धाकड़ ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी विद्यार्थी के समग्र विकास के लिए मानसिक रूप से स्वस्थ वातावरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक ढंग से सामना करने की प्रेरणा देते हैं और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, तनावग्रस्त लोगों की मदद करने और सकारात्मक वातावरण बनाने का संकल्प लिया।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।