शिवपुरी। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शिवपुरी जिले के पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। नक्सल प्रभावित जिलों में सेवाएं दे चुके छह उपनिरीक्षकों (एसआई) की शिवपुरी जिले में वापसी कराई गई है, वहीं जिले में पदस्थ सात उपनिरीक्षकों को आगामी दो वर्षों के लिए नक्सल प्रभावित बालाघाट और मंडला जिलों में भेजा गया है। इस बदलाव को पुलिस विभाग की नियमित रोटेशन नीति और नक्सल क्षेत्रों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से जोड़कर देखा जा रहा है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से लौटने वाले अधिकारियों में मंडला जिले से एसआई पुनीत बाजपेयी और अरुण प्रताप सिंह भदौरिया शामिल हैं। वहीं बालाघाट जिले से एसआई अंकित उपाध्याय, संजय सिंह किरार, दीपक गौतम और अविनाश कुमार राठौर को शिवपुरी जिले में पदस्थ किया गया है। इन अधिकारियों को नक्सल क्षेत्रों में काम करने का अनुभव है, जिसके चलते कानून व्यवस्था और संवेदनशील मामलों में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
दूसरी ओर शिवपुरी जिले से सात उपनिरीक्षकों को नक्सल प्रभावित जिलों में भेजा गया है। इनमें सिरसौद थाना प्रभारी मुकेश दुबौलिया, अमोला थाना प्रभारी अंशुल गुप्ता, मायापुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह नरवरिया और गोपालपुर थाना प्रभारी विनोद यादव के नाम प्रमुख हैं। इसके अलावा कोतवाली थाने से एसआई अमित कुमार चतुर्वेदी, पुलिस लाइन से एसआई राघवेंद्र सिंह यादव और धर्मेंद्र शिवहरे को भी स्थानांतरित किया गया है।
जानकारी के अनुसार अंशुल गुप्ता को मंडला जिले में पदस्थ किया गया है, जबकि अन्य छह अधिकारियों की तैनाती बालाघाट जिले में की गई है। पुलिस मुख्यालय द्वारा यह पदस्थापना आगामी दो वर्षों के लिए की गई है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कार्य करने वाले अधिकारियों को विशेष परिस्थितियों में काम करने का अनुभव मिलता है। ऐसे में इन तबादलों को पुलिस बल के अनुभव और क्षमता संतुलन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं शिवपुरी जिले में लौटे अधिकारी अब यहां की कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।