शिवपुरी,मोबाइल पर बज रहे हीट अलर्ट, चेतावनी जारी, मौसम विभाग ने बताया कारण

vikas
0
shivpuri mausam samachar

शिवपुरी।
शिवपुरी जिले में मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है और इस चेतावनी को मोबाइल पर हीट अलर्ट भी साथ दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शिवपुरी जिले में आगामी 3 दिनों में गर्म हवाएं तेज हो सकती है। हीट स्ट्रोक का खतरा हो सकता है। इसलिए सावधानी आवश्यक है। 

पिछले कुछ दिनों से शिवपुरी में मौसम का मिजाज लगातार गर्म बना हुआ है। दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है और दोपहर होते-होते गर्म हवाएं लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर रही हैं। शहर में गर्मी का असर इतना अधिक है कि दोपहर के समय बाजारों और मुख्य सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 20 मई को शिवपुरी का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद 21 मई को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं 22 मई को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में मामूली गिरावट जरूर दर्ज हुई है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में लू का असर और अधिक बढ़ सकता है तथा लोगों को राहत मिलने के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग और मौसम केंद्र की एडवाइजरी
मौसम विज्ञान केंद्र ने आम नागरिकों, किसानों और पशुपालकों के लिए विशेष परामर्श जारी किया है। लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सीधे धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, सिर को ढककर रखने और शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस, छाछ और नींबू पानी का सेवन करने को कहा गया है।

विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का ध्यान रखने की अपील की गई है, क्योंकि तेज गर्मी और लू का असर इन पर सबसे ज्यादा पड़ता है। अस्पतालों में भी हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

किसानों और पशुपालकों के लिए भी अलर्ट
कृषि कार्यों को लेकर किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में नमी बनाए रखने के लिए सुबह या शाम के समय हल्की सिंचाई करें। तेज धूप के दौरान खेतों में अधिक समय तक काम करने से बचने को कहा गया है।

पशुपालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मवेशियों को छायादार और हवादार स्थानों पर बांधें तथा दिन में तीन से चार बार साफ पानी पिलाएं। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच पशुओं को चराने के लिए बाहर न ले जाने की सलाह भी जारी की गई है।

मोबाइल अलर्ट से घबरा रहे लोग
इधर मौसम विभाग की ओर से लोगों के मोबाइल फोन पर लगातार हीट वेव और तेज गर्मी को लेकर अलर्ट संदेश भेजे जा रहे हैं। अलर्ट आते ही मोबाइल में तेज आवाज और कंपन शुरू हो जाती है, जिससे कई लोग शुरुआत में घबरा जाते हैं। कुछ लोगों को यह तक डर लगने लगा कि कहीं अत्यधिक गर्मी के कारण मोबाइल में कोई खराबी न आ गई हो। बाद में लोगों को जानकारी हुई कि यह मौसम विभाग की ओर से भेजा गया सुरक्षा अलर्ट है, जो उन्हें गर्मी और लू से सतर्क रहने के लिए जारी किया जा रहा है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक शिवपुरी सहित आसपास के क्षेत्रों में गर्म हवाओं का प्रभाव बना रहेगा। ऐसे में जरूरी न हो तो दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करें।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!