शिवपुरी। शिवपुरी सिटी कोतवाली सीमा में आने वाले फतेहपुर में क्षेत्र में निवास करने वाले स्कूल वैन चालक की लाश दतिया जिले के ग्राम धौर्रा के पास सिंध नदी मे मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब छह फीट गहरे पानी से शव को बाहर निकलवाकर पीएम के लिए भेज दिया।
पुलिस जांच के दौरान शव की पहचान विकास धाकड़ पुत्र ओमप्रकाश धाकड़ निवासी गणेश कालोनी फतेहपुर जिला शिवपुरी के रूप में हुई। मृतक पेशे से स्कूल वैन चालक था और अपने पीछे दो छोटे बच्चों का परिवार छोड़ गया है। घटना की खबर मिलते ही स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव की पहचान की।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विकास धाकड़ शनिवार रात अपने कुछ दोस्तों के साथ दतिया जिले के बड़ौनकला में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उसके साथी वापस लौट गए, लेकिन विकास घर नहीं पहुंचा। जिससे स्वजन को चिंता होने लगी। सोमवार को जब सिंध नदी के हनुमान धारा क्षेत्र में उसका शव मिला, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिसके चलते मामला संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा। परिजनों ने भी मृतक के साथ आए लोगों पर संदेह जताया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी है। मृतक के साथ मौजूद रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।