शिवपुरी। आज गणेश चतुर्थी पूरे जिले में बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। सैकड़ों स्थानों पर भगवान श्रीगणेश की स्थापना शहर में की जाएगी। जिसके लिए शहरवासियों ने तैयारियां पूर्ण कर ली है और भगवान गणेश को विमानों पर सजाकर उन्हें विहार कराया जा रहा है। शुभ मुर्हुत में श्रीगणेश की प्रतिमाओं को पांडालों में स्थापित किया जा रहा है। वहीं रात्रि में भगवान की आरतियां गणेश पांडालों में की जाएगी।
फिजीकल रोड़, पुरानी शिवपुरी क्षेत्र में एक से बढक़र एक सुन्दर प्रतिमाओं का निर्माण मूर्तिकारों ने किया था और आज गणेश चतुर्थी पर उक्त स्थलों पर भक्तगण पहुंचकर अपने पसंद की मूर्तियों क्रय कर रहे हैं।
हाथ ठेलों, ट्रेक्टरों और कारों पर सुन्दर विमान सजाकर भगवान गणेश को नगर भ्रमण के लिए डीजे और ढोलबाजों के साथ उनके स्थापना स्थल पर ले जाने में भक्तगण लगे हुए हैं।
रंग-गुलाल और अवीर से पूरा शहर रंग बिरंगा हो गया है। लोग डीजे की धुनों पर भगवान गणेश के आगमन पर उत्सव मनाते दिखाई दे रहे हैं। आज से 10 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव को लेकर लोग बड़ी वेसर्वी से इंतजार करते हैं और आज उनका यह इंतजार समाप्त हो गया है।
महोत्सव के दौरान गणेश पांडालों में झांकियों के साथ-साथ कई धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। वहीं घर-घर विघ्नहर्ता की विशेष पूजा की जाती है।