नपा के भ्रष्टाचार का नमूना: टेंडर में रेट 129 से कर दी 429

शिवपुरी। नगर पालिका में हेराफेरी का एक मामला उजागर हुआ है। फॉगिंग ऑयल सप्लाई करने वाले टेंडर में एक फर्म शिवाजी ब्रदर्स के संचालक अरविन्द परमार ने अपने टेंडर में हेराफेरी करने का आरोप लगाया है। 

उसका कहना है कि उसने टेंडर में अंकों और शब्दों में रेट 129 भरी थी, लेकिन टेंडर क्लर्क ने अंकों में हेराफेरी करते हुए 129 रेट को 429 कर दिया। जबकि शब्दों में 129 रेट ही अंकित है। इस तरह से उसे टेंडर लेने से वंचित करने का षड्यंत्र रचा गया है। 

जानकारी देते हुए श्री परमार ने बताया कि नगर पालिका ने दो लाख रूपए से कम के फॉगिंग ऑयल की खरीद के लिए इच्छुक फर्मो से 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक टेंडर आमंत्रित किये थे। 

टेंडरों को उसी दिनांक को 5 बजे खोला जाना था। फॉगिंग ऑयल की खरीद के लिए उनकी फर्म ने 129 रूपए का टेंडर डाला था। जबकि चिराग इंटरप्राईजेज ने 220 रूपए तथा लवकुश स्टील ने 290 रूपए की दर डाली थी। 

नियमानुसार उक्त टेंडर इनकी फर्म शिवाजी ब्रदर्स को मिलना था, लेकिन उनकी फर्म को टेंडर लेने से वंचित करने के लिए टेंडर न तो 19 अक्टूबर को शाम 5 बजे और न ही 20 और 21 अक्टूबर को खोले गए। 22 अक्टूबर को अवकाश था और 23 अक्टूबर को जब टेंडर खोले गए तो उनकी दर को 129 रूपए के स्थान पर 429 रूपए बता दिया गया। 

जिसे देखकर वह दंग रह गया। श्री परमार का आरोप है कि उनके टेंडर में छेड़छाड़ और हेराफेरी स्पष्ट रूप से प्रमाणित है क्योंकि अंकों में लिखी गई दर में स्पष्ट रूप से काटा पीटी है जबकि शब्दों में लिखी दर स्पष्ट रूप से एक सौ उन्नतीस रूपए अंकित है। 

उन्हें टेंडर डालने से रोकने का प्रयास हुआ
शिवाजी ब्रदर्स के संचालक अरविन्द परमार का आरोप है कि पहले तो उन्हें टेंडर डालने से रोकने का प्रयास किया गया। उनका आरोप है कि चिराग इंटरप्राईजेज विज्ञप्ति से पूर्व ही फॉगिंग ऑयल नगर पालिका को सप्लाई कर रही है और उसे ही टेंडर देने की तैयारी है। 

इसी कारण उनके टेंडर में हेराफेरी की गई है। श्री परमार ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग करते हुए उनकी फर्म को कार्यादेश देने की मांग की है।