फ्री हिट @ काजल सिकरवार, शिवपुरी। वादे भी अजीब होते हैं, चुनाव के समय किए जाएं तो उम्मीद बन जाते हैं और पूरे न हों तो नाराजगी की वजह। पिछोर को जिला बनाने का मुद्दा भी कुछ ऐसा ही है। पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछोर की जनता के सामने भाजपा का विधायक जिताने की शर्त रखी थी।
जनता ने अपना हिस्सा निभाया, प्रीतम सिंह लोधी को विधायक बनाकर विधानसभा भेज दिया, लेकिन जिला बनने का इंतजार खत्म नहीं हुआ। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिछोर दौरे से लोगों को उम्मीद थी कि वर्षों पुराना सपना पूरा होने की घोषणा होगी, लेकिन यहां भी घोषणा की जगह आश्वासन ही मिला।
मुख्यमंत्री ने पिछोर को जिला बनाने की मांग को उचित बताते हुए इसका फैसला योजना आयोग के स्तर पर होने की बात कही। यानी पुराने वादे पर नई मुहर तो लगी, लेकिन जिला बनाने की तारीख फिर भी तय नहीं हुई। जनता को जिस घोषणा का इंतजार था, उसके बदले एक बार फिर प्रक्रिया का भरोसा मिला।
वादे पूरे नहीं हुए तो अब चुनाव बहिष्कार की बात
मुख्यमंत्री के दौरे के बाद पिछोर और खनियाधाना क्षेत्र में नाराजगी के सुर सुनाई देने लगे हैं। लोगों को उम्मीद थी कि शिवराज सिंह चौहान के समय किया गया वादा मोहन यादव सरकार पूरा करेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस नाराजगी की गूंज अब कर्मचारी वर्ग तक भी पहुंच गई है। खनियाधाना के एक प्राथमिक शिक्षक ने तो शिक्षकों के अधिकृत वाट्सएप ग्रुप में चुनाव बहिष्कार तक की सलाह दे डाली।
शिक्षक की पोस्ट के स्क्रीनशॉट वायरल
शासकीय प्राथमिक विद्यालय नीमतलैया, विकासखंड खनियाधाना में पदस्थ शिक्षक आशीष साहू ने अपने मोबाइल नंबर से शिक्षकों के अधिकृत वाट्सएप ग्रुप में पोस्ट की। इसमें उन्होंने लिखा कि अब खनियाधाना वालों को चुनाव का बहिष्कार कर देना चाहिए, पूरा प्रशासन उतर आएगा। पोस्ट के स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। शिक्षक की इस टिप्पणी को पिछोर को जिला बनाने की मांग पूरी नहीं होने से उपजी नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है।
बीईओ ने जांच के लिए बनाई टीम
मामले में खनियाधाना के बीईओ विनोद पाठक का कहना है कि यह मामला मीडिया के माध्यम से उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि दो लोगों की टीम बनाकर मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।