पिछोर। जेनजी जब धरातल पर उतरता तो अवश्य बदलाव लाता है,अक्सर माना जाता है कि जेनजी केवल मोबाइल पर सक्रिय रहता है उसके हाथ केवल मोबाइल पर ही व्यस्त रहते है लेकिन अब यह धारणा मिट रही है,पिछोर का जेनजी सडक पर नही पानी मे उतरा और उसने बदलाव कर दिया। पिछोर नगर की धरोहर मोता सागर तालाब पर जलकुंभी ने अपना कब्जा कर लिया था।
पिछोर के जेनजी ने न नारे लगाए, न किसी राजनीतिक दल को कटघरे में खड़ा किया और न ही केवल सोशल मीडिया पर समस्या उठाकर जिम्मेदारी पूरी मानी,युवा मोती सागर तालाब के पानी मे उतरे और जलकुंभी के खिलाफ सफाई अभियान की शुरुआत कर दी।
युवाओं का कहना है कि शहर की समस्या किसी एक नेता, दल या प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे शहर की जिम्मेदारी है। जब शहर का जलस्रोत संकट में हो तो राजनीति से ऊपर उठकर नागरिकों को आगे आना चाहिए। इसी सोच के साथ युवाओं ने मोती सागर तालाब को जलकुंभी से मुक्त कराने का बीड़ा उठाया है।
जिस तालाब को शहर का हृदय कहा, उसी पर जलकुंभी का कब्जा
पिछोर का मोती सागर तालाब शहर की पहचान और महत्वपूर्ण जलस्रोतों में शामिल है। लंबे समय से तालाब में जलकुंभी का फैलाव बढ़ता जा रहा है। तालाब के बड़े हिस्से में जलकुंभी फैलने से उसका प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है। पानी की सतह पर फैली जलकुंभी न केवल तालाब की खूबसूरती को खत्म कर रही है, बल्कि जलस्रोत के पर्यावरण और उपयोगिता को लेकर भी सवाल खड़े कर रही है।इसी स्थिति ने युवाओं को सोचने पर मजबूर किया कि यदि हर नागरिक केवल यह कहता रहे कि प्रशासन कुछ करे, तो बदलाव कैसे आएगा? इसी सवाल का जवाब युवाओं ने श्रमदान के रूप में दिया।
शिकायत नहीं, समाधान की शुरुआत खुद से
सफाई अभियान में जुटे युवाओं का कहना है कि समस्या बताना आसान है, लेकिन समाधान के लिए मैदान में उतरना जरूरी है। प्रशासन और नगर परिषद से सहयोग की अपेक्षा अपनी जगह है, लेकिन नागरिकों की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। युवाओं की सोच साफ है,मोती सागर तालाब किसी नेता, राजनीतिक दल या व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं है। यह पूरे पिछोर की साझा धरोहर है। इसलिए इसके संरक्षण को दलगत राजनीति से अलग रखकर सामूहिक अभियान बनाया जाना चाहिए।
युवाओं ने अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने की पहल शुरू की है, ताकि श्रमदान के जरिए तालाब की जलकुंभी हटाई जा सके और इसके बाद भी इसकी नियमित निगरानी और सफाई का सिलसिला जारी रहे।
एक दिन की सफाई नहीं, स्थायी समाधान की जरूरत
युवाओं का कहना है कि तालाब से जलकुंभी निकालना पहला कदम है। यदि कुछ दिनों या महीनों बाद यह फिर उसी तरह फैल गई तो पूरी मेहनत अधूरी रह जाएगी। इसलिए जलकुंभी की दोबारा रोकथाम के लिए स्थायी व्यवस्था जरूरी है। इसके लिए नगर परिषद, प्रशासन और नागरिकों को मिलकर योजना बनानी होगी। तालाब की नियमित सफाई, आसपास गंदगी रोकने, जलस्रोत में कचरा जाने से रोकने और जलकुंभी की समय-समय पर निगरानी जैसे कदम उठाने होंगे।
युवा केवल मोबाइल की स्क्रीन पर नहीं, मैदान में भी
समाजसेवी संतोष समाधिया ने कहा कि पिछोर के जेन जी युवा सामाजिक सरोकारों में आगे आकर सकारात्मक बदलाव की मिसाल पेश कर रहे हैं। युवाओं ने मोती सागर तालाब की सफाई का अभियान शुरू किया है, जिसका उद्देश्य केवल जलकुंभी हटाना नहीं, बल्कि शहरवासियों को जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी है।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।