शिवपुरी। शिवपुरी जिले की पुलिस को आज एक बडी सफलता मिली है। महाराष्ट्र बॉर्डर सेंधवा से लाई गई हथियारो की एक खेप पुलिस ने पकडने मे सफलता हासिल की है,साथ मे इन हथियारो की सप्लाई करने वाले एक 20 साल के युवक को गिरफ्तार करने मे सफलता मिली है। इस पूरे प्रकरण मे सबसे बडी बात यह है कि यह इन हथियारो ने लगभग 600 किलोमीटर की सडक मार्ग का सफर तय किया गया। इस बीच आधा सैकडा थाने क्रॉस किए होगें लेकिन शिवपुरी जिले की पुलिस के मुखबिर नेटवर्क से यह तस्कर बच नही सका और पकडा गया है।
शिवपुरी पुलिस ने एक युवक को 8 देशी पिस्टल और 32 बोर के 10 जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा है। आरोपी इन हथियारों को सेंधवा, बड़वानी से दतिया ले जा रहा था। रास्ते में नींद आने के कारण वह श्योपुर पहुंच गया। श्योपुर से शिवपुरी लौटते समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने प्रेस वार्ता में इस कार्रवाई की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम अंशुल अहिरवार (20) है। वह ग्राम छता, थाना बड़ौनी, जिला दतिया का रहने वाला है। फिलहाल वह सिद्धार्थ कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 36, थाना सिविल लाइन, जिला दतिया में रहता है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए हथियारों और कारतूसों की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपए है।
पुलिस ने बताया कि सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर को मुखबिर से सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया कि एक व्यक्ति अवैध हथियारों की खेप लेकर शिवपुरी आ रहा है। यह जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद हिम्मतपुर चौकी पुलिस को भी कार्रवाई में शामिल किया गया।
सिरसौद और हिम्मतपुर पुलिस की टीम ने शिवपुरी-श्योपुर रोड पर खोरघार की पुलिया के पास चेकिंग शुरू की। वहां एक युवक नीले रंग का बैग लेकर बैठा था। वह बार-बार बैग पर हाथ रख रहा था और इधर-उधर देख रहा था। पुलिस को उस पर शक हुआ। पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ा और बैग की तलाशी ली। बैग से 8 देशी 32 बोर की पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस मिले।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सेंधवा, जिला बड़वानी मप्र ( महाराष्ट्र बॉर्डर ) से अवैध हथियार लाया था। वह इन्हें दतिया ले जा रहा था। आरोपी ने बताया कि रास्ते में उसे नींद आ गई और वह श्योपुर पहुंच गया। श्योपुर से शिवपुरी आते समय पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सेंधवा में आरोपी ने हथियार किससे खरीदे थे और दतिया में इनकी डिलीवरी किसे की जानी थी। पुलिस पूछताछ के आधार पर हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
सिकलीगर नेटवर्क की भी जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार सेंधवा-बड़वानी क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े सिकलीगर नेटवर्क की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। हालांकि इस मामले में हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति या गिरोह के संबंध में पुलिस की जांच अभी जारी है। आरोपी के खिलाफ थाना सिरसौद में अपराध क्रमांक 247/2026, धारा 25/27 एवं 25(1-क) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सिरसौद धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर, चौकी प्रभारी हिम्मतपुर रामानंद पचौरी सहित दोनों पुलिस टीमों के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।