Shivpuri News: सीमा की चार साल की शादी, मारपीट से टूटा हाथ से भी अधिक नौकरी छूटने का दर्द

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। नगर पालिका में सफाई कर्मचारी के पद पर काम करने वाली सीमा वाल्मीकि ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर लगातार शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना, मारपीट, पैसों के लिए दबाव बनाने और धमकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि करीब तीन महीने पहले मारपीट में उसका हाथ टूट गया था। 

इसके बाद वह अपने नाबालिग बेटे के साथ अलग किराये के कमरे में रहने लगी, लेकिन 19 सितंबर को पति वहां भी पहुंच गया और कथित तौर पर मारपीट कर उसे घर छोड़ने के लिए मजबूर किया। इसके बाद महिला अपने बेटे के साथ शिवपुरी स्थित मायके आ गई और महिला थाने में शिकायत देकर पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई तथा खुद और बच्चे की सुरक्षा की मांग की है।

महिला पुलिस थाना शिवपुरी में दी गई शिकायत में सीमा वाल्मीकि ने बताया कि उसका विवाह 11 फरवरी 2021 को अशोकनगर निवासी सुरेन्द्र बालू से हुआ था। उसका एक नाबालिग बेटा भी है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जाता रहा।

शिकायत के मुताबिक, घरेलू विवादों के दौरान उसके साथ मारपीट की जाती थी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले पति की मारपीट में उसका हाथ टूट गया था, जिसका उपचार कराया गया और अभी भी उसका उपचार चल रहा है। लगातार विवाद और कथित प्रताड़ना के चलते उसे वैवाहिक घर छोड़कर अलग रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।

महिला ने बताया कि वह पिछले करीब दो-तीन महीने से अपने नाबालिग बेटे के साथ अशोकनगर में लगभग 2 हजार रुपए महीने के किराये के कमरे में रह रही थी। आरोप है कि 19 सितंबर को उसका पति वहां पहुंचा और उसके साथ मारपीट कर उसे वहां से भी चले जाने के लिए मजबूर किया। इसके बाद महिला अपने बच्चे के साथ उसी दिन शिवपुरी स्थित मायके आ गई।

पैसों को लेकर दबाव बनाने का आरोप
शिकायत में महिला ने पति पर पैसों को लेकर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पति ने रिश्तेदारों से बड़ी रकम उधार ली है और रकम वापस करने के दबाव का गुस्सा उस पर निकाला जाता है। महिला के अनुसार, उससे बार-बार मायके से पैसे लाने के लिए कहा जाता था। असमर्थता जताने पर मारपीट और धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है।

महिला ने यह भी कहा कि उसका पति पहले भी पारिवारिक और आर्थिक दबाव के चलते गंभीर संकट में आ चुका था और उस समय उसने कर्ज लेकर पति का इलाज कराया था। इन परिस्थितियों के चलते उसे लगातार अपने और अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है।

नौकरी छूटने और बच्चे की सुरक्षा की चिंता
सीमा ने शिकायत में बताया कि वह नगर पालिका अशोकनगर में सफाई कर्मचारी है। ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना के कारण वह फिलहाल अशोकनगर वापस जाकर अपनी ड्यूटी नहीं कर पा रही है। उसे नौकरी प्रभावित होने के साथ-साथ अपने और नाबालिग बेटे की सुरक्षा की भी चिंता है।

महिला का आरोप है कि उसके पति और ससुराल पक्ष की ओर से उसके खिलाफ अशोकनगर कोतवाली में बार-बार शिकायतें की जा रही हैं। शिकायतों के आधार पर उसे बच्चे के साथ थाने बुलाए जाने से मानसिक परेशानी बढ़ रही है।

महिला ने मांगी निष्पक्ष जांच और सुरक्षा
महिला ने महिला थाना पुलिस से पति सुरेन्द्र बालू, सास सरोज बाई, ससुर अशोक बालू और देवर नरेन्द्र बालू की भूमिका की निष्पक्ष जांच करने तथा कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उसने अपने और अपने नाबालिग बेटे के लिए सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला ने आशंका जताई है कि अशोकनगर लौटने पर उसके साथ दोबारा मारपीट या कोई गंभीर घटना हो सकती है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!