Shivpuri News: पत्नि पर जानलेवा हमला कर रिश्तेदारो को फंसाने की रची कहानी, जांच मे पति ही निकला

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

सतनवाड़ा। पत्नी पर जानलेवा हमला हुआ तो पति ने पुलिस के सामने ऐसी कहानी सुनाई कि पुलिस भी एक बार हैरान रह गई। पति ने आरोप लगाया कि रात में कुछ लोग चाकू लेकर आए और उसकी पत्नी लीला वाल्मीकि पर हमला कर फरार हो गए। उसने पुरानी रंजिश के चलते अपने रिश्तेदारों पर हत्या के प्रयास का आरोप भी लगा दिया। 

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कहानी की परतें खुलती चली गईं। आखिरकार पुलिस की जांच में सामने आया कि पत्नी पर हमला किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके पति घनश्याम वाल्मीकि ने ही किया था।

पुलिस के मुताबिक ग्राम ठेह निवासी घनश्याम उम्र 65 साल पुत्र पूरन वाल्मीकि ने 19 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि वह अपनी पत्नी लीला के साथ रात में टपरिया में सो रहा था। इसी दौरान ग्राम मकरारा निवासी राजकुमार वाल्मीकि, उसके पिता कालू वाल्मीकि और दो अन्य लोग चाकू लेकर वहां पहुंचे और लीला पर हमला कर दिया। 

शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इधर गंभीर रूप से घायल लीला का ग्वालियर में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार वह फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है।

बयानों में उलझी कहानी, जांच में पति पर गया शक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों के बयान और परिस्थितियों की बिंदुवार जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को शिकायतकर्ता घनश्याम की बताई कहानी और सामने आए तथ्यों में अंतर नजर आया। इसके बाद पुलिस ने साक्षियों के कथनों को आधार बनाकर घनश्याम से पूछताछ की।

पूछताछ में घनश्याम टूट गया और पुलिस के सामने उसने पत्नी पर हमला करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार घनश्याम ने बताया कि शादी के बाद से ही उसका पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। घटना वाली रात खाना नहीं देने की बात को लेकर वह गुस्से में आ गया और उसने ही पत्नी पर हमला कर दिया।

पुरानी रंजिश वालों को फंसाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद घनश्याम ने अपनी पुरानी रंजिश का फायदा उठाते हुए कुछ रिश्तेदारों के नाम शिकायत में जोड़ दिए, ताकि पुलिस का शक उन पर जाए और असली घटना छिपी रहे। हालांकि पुलिस की जांच में कहानी का दूसरा पहलू सामने आने के बाद शिकायतकर्ता ही मामले का आरोपी बन गया। पुलिस ने घनश्याम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में घायल महिला का ग्वालियर में उपचार जारी है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!