नरवर। शिवपुरी जिले के नरवर में ताजिया जुलूस में बैण्ड बजाने के बाद मेहनताना नहीं मिलने का मामला सामने आया है। गुना जिले के बैण्ड मास्टर ने नरवर निवासी व्यक्ति पर 12 हजार रुपये की बकाया मजदूरी रोकने, गाली-गलौज करने और अपमानित करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर अपनी बकाया राशि दिलाने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता लक्ष्मीनारायण मास्टर, निवासी ग्राम मऊगढ़ा (जिला गुना), ने बताया कि वह गुना स्थित सत्यम बैण्ड में मास्टर के रूप में कार्य करता है। बैण्ड का संचालन वह अपने साथी बलराम करोसिया के साथ करता है। शिकायत के अनुसार 23 जून 2025 को नरवर क्षेत्र के इकबाल खान ने मगरौनी में निकलने वाले ताजिया जुलूस के लिए बैण्ड बुक किया था। दोनों पक्षों के बीच 51 हजार रुपये में कार्यक्रम तय हुआ था। बुकिंग के समय 2 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे, जबकि शेष 49 हजार रुपये कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देने की बात तय हुई थी।
लक्ष्मीनारायण का आरोप है कि ताजिया जुलूस का कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उन्हें कुल बकाया राशि में से 37 हजार रुपये ही दिए गए, जबकि 12 हजार रुपये अभी भी बाकी रह गए। कई बार संपर्क करने और भुगतान की मांग करने के बावजूद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने दोबारा अपनी मजदूरी मांगी तो आरोपी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और कहा, तुझे जो करना है कर ले, अब कुछ नहीं मिलेगा। इस व्यवहार से आहत होकर बैण्ड मास्टर ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि बैण्ड बजाना ही उसकी आजीविका का मुख्य साधन है और 12 हजार रुपये की यह राशि उसकी मेहनत की कमाई है। उसने पुलिस से अनुरोध किया है कि उसकी बकाया मजदूरी दिलाई जाए और आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।