शिवपुरी। शिवपुरी की जनसुनवाई में मंगलवार को एक ऐसा मामला सामने आया, जिसमें एक महिला ने प्रेम, भरोसे और साथ निभाने के वादे के बाद धोखा मिलने का आरोप लगाया। तीन बच्चों की मां काजल शर्मा ने कलेक्टर को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि एक युवक ने खुद को अविवाहित बताकर शादी और जीवनभर साथ रखने का भरोसा दिया, कोर्ट में लिखापढ़ी भी कराई, लेकिन कुछ समय बाद न केवल उसे और उसके बच्चों को घर से निकाल दिया, बल्कि मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी।
पहले शादी, फिर नई जिंदगी की शुरुआत का भरोसा
काजल शर्मा ने आवेदन में बताया कि उनकी पहली शादी इंदौर निवासी सूरज वेदी से हुई थी, जिससे उनके तीन बच्चे हैं। कुछ समय बाद उनकी पहचान शिवपुरी के 26 नंबर कोठी के पास रहने वाले राजकुमार यादव से हुई। महिला का आरोप है कि राजकुमार ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए उनसे शादी करने और उनके साथ-साथ तीनों बच्चों का भी जीवनभर भरण-पोषण करने का वादा किया। इसी भरोसे पर दोनों ने कोर्ट में लिखापढ़ी भी कराई और साथ रहने लगे।
कुछ दिन बाद बदला व्यवहार, प्रताड़ना के आरोप
काजल शर्मा का आरोप है कि शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे राजकुमार और उसके परिजनों का व्यवहार बदल गया। उन्होंने मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। महिला के अनुसार 27 जुलाई 2026 को राजकुमार यादव, उसकी मां, बहन और बहनोई ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे तीनों बच्चों सहित घर से बाहर निकाल दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
एसपी कार्यालय जाते समय रास्ते में रोकने का आरोप
पीड़िता ने बताया कि 28 जुलाई को उसने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद जब वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय जा रही थी, तभी पोलो ग्राउंड के पास राजकुमार यादव, उसकी बहन राजकुमारी, मोना, मनीष और अन्य लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। महिला का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसे जबरन चूहे मारने वाली दवा खिलाई। वहीं कार्रवाई से बचने के लिए राजकुमार ने भी खुद दवा खाकर झूठा मामला बनाने का प्रयास किया।
अस्पताल में हुआ इलाज, अब भी मिल रही धमकियां
काजल शर्मा ने बताया कि घटना के बाद उसे पहले जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार हुआ। महिला का आरोप है कि आरोपी पक्ष अब भी लगातार उसे और उसके बच्चों को धमकियां दे रहा है। इसी वजह से उसने कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देकर निष्पक्ष जांच, आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।