शिवपुरी। शहर की एक निर्माणाधीन कॉलोनी में सीसी रोड का काम कर रहे बाहरी मजदूरों पर रविवार देर रात बदमाशों ने हमला कर दिया। मजदूर गहरी नींद में सो रहे थे, तभी चार-पांच युवक उनके कमरे में घुस आए। पहले उन्होंने एक अजीब सवाल पूछा-तुममें से गंजा किसे बोलते हैं?" मजदूरों ने शांतिपूर्वक जवाब देने की कोशिश की, लेकिन बात बढ़ते ही आरोपियों ने बेल्ट निकाल ली और चारों मजदूरों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट में कई मजदूरों के सिर फट गए, जबकि कमरे में रखा सामान भी तोड़ दिया गया। चौकीदार के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार फरियादी अंकित कुमार यादव (35) निवासी ग्राम हुसैनगंज, थाना पटरंगा, जिला अयोध्या (उत्तर प्रदेश) ने शिकायत दर्ज कराई है। अंकित अपने साथियों विकास कुमार यादव, सुकेन्द्र गौड़ और अंकित गौड़ के साथ पिछले एक माह से बालाजी धाम मंदिर के पास स्थित सिंकी सांखला की आनंद विहार कॉलोनी में सीसी रोड निर्माण कार्य कर रहे हैं। निर्माण कार्य चलने के कारण सभी मजदूर कॉलोनी में बने श्रमिक आवास में ही रह रहे थे।
सोते हुए मजदूरों को जगाकर शुरू किया विवाद
शिकायत के अनुसार रविवार रात करीब 11:45 बजे चार-पांच युवक अचानक मजदूरों के कमरे में घुस आए। उन्होंने सभी को नींद से जगाया और पूछा,तुममें से गंजा किसे बोलते हैं? मजदूरों ने कहा कि यदि किसी का नाम बताएंगे तो वे जानकारी दे देंगे, लेकिन इस जवाब पर आरोपी आगबबूला हो गए। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मजदूरों ने गालियां देने से मना किया तो आरोपियों ने बेल्टों से हमला कर दिया।
चारों मजदूर घायल, सिर फूटे
हमले में अंकित यादव के सिर में गंभीर चोट लगी और खून निकल आया। उनके बाएं हाथ की कोहनी पर भी चोट आई। विकास कुमार यादव के सिर में चोट लगने से खून बहने लगा और दोनों आंखों के आसपास भी चोट आई। सुकेन्द्र गौड़ के सिर के पीछे गंभीर चोट आई, जबकि अंकित गौड़ के दाहिने हाथ में चोट पहुंची।
कमरे में की तोड़फोड़
मारपीट के बाद आरोपियों ने कमरे में रखा पंखा, पानी का कैंपर और प्लास्टिक की बाल्टी भी तोड़ दी। पीड़ितों के अनुसार इस तोड़फोड़ में करीब 1500 रुपये का नुकसान हुआ।
चौकीदार के आते ही भागे आरोपी
मारपीट और हंगामे की आवाज सुनकर कॉलोनी का चौकीदार भूरा कुशवाह मौके पर पहुंच गया। चौकीदार को देखकर सभी आरोपी वहां से भाग निकले। पीड़ित मजदूरों का कहना है कि यदि आरोपी सामने आए तो वे उनकी पहचान कर सकते हैं।
अस्पताल पहुंचकर कराया इलाज, पुलिस ने शुरू की जांच
घायल मजदूर दर्द और चोटों के कारण सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया गया। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना शहर में निर्माण कार्य कर रहे बाहरी मजदूरों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रही है। मजदूरों का कहना है कि वे रोजी-रोटी कमाने के लिए दूसरे राज्य से शिवपुरी आए हैं, लेकिन इस तरह की घटनाओं से उनमें भय का माहौल बन गया है। अब पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।