शिवपुरी। सिरसौद थाना क्षेत्र के करमाजखुर्द गांव में खेत में पड़े कटे-फटे नंगे बिजली के तार एक किसान के लिए मौत का जाल साबित हुए। 25 जुलाई को करंट लगने से किसान गोपाल कुशवाह की मौत के मामले में पुलिस जांच पूरी होने के बाद चार ग्रामीणों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हरिजन बस्ती से कटे-फटे नंगे बिजली के तार लापरवाही से डंडों पर बांधकर ले गए थे, जिनमें से एक तार मृतक के खेत में पड़ा रह गया। उसी तार की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार करमाजखुर्द निवासी आशाराम कुशवाह ने 25 जुलाई को सूचना दी थी कि उनके चाचा गोपाल कुशवाह (40) अपने खेत पर काम करने गए थे। सुबह जब परिजन खेत पहुंचे तो गोपाल नंगे बिजली के तार की चपेट में आकर खेत में पड़े मिले। परिजनों ने बिजली का तार हटाकर उन्हें तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पंचनामा, पोस्टमार्टम, घटनास्थल का निरीक्षण और मौके से बिजली के तार जब्त किए गए। पुलिस ने परिजनों सहित प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। सभी गवाहों ने बताया कि धर्मेन्द्र पुत्र नक्टू कुशवाह, सूरज पुत्र नक्टू कुशवाह, शेरू पुत्र रघुवर कुशवाह और कल्याण पुत्र लटूरा कुशवाह हरिजन बस्ती से दो कटे-फटे नंगे बिजली के तार डंडों पर बांधकर ले गए थे। इन्हीं में से एक तार लापरवाहीपूर्वक गोपाल के खेत में पड़ा रह गया, जिससे करंट लगने पर उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि गोपाल कुशवाह की मृत्यु इलेक्ट्रिक शॉक के कारण कार्डियो-रेस्पिरेटरी फेल्योर से हुई है।
संपूर्ण जांच के आधार पर सिरसौद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) एवं 3(5) के तहत गैर इरादतन हत्या से संबंधित अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
%20(1).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।