शिवपुरी। जिस बाघिन के सड़क पर बैठने से झांसी-शिवपुरी लिंक रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी, अब उसी बाघिन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है। शिवपुरी समाचार ने शुक्रवार को सबसे पहले सड़क पर टाइगर के आने और करीब 20 मिनट तक जाम लगने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
अब वायरल वीडियो ने उस घटना की पुष्टि कर दी है और एक बार फिर यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर माधव टाइगर रिजर्व की सबसे खतरनाक मानी जाने वाली मादा टाइगर एमटी-6 बार-बार जंगल छोड़कर आबादी और सड़क तक क्यों पहुंच रही है?
सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि इस समय खरीफ की बुवाई और खेती-किसानी का दौर अपने चरम पर है। मोहम्मदपुर, मझेरा, खुटैला, रायपुर धमकन, सतनवाड़ा और आसपास के दर्जनों गांवों के किसान सुबह से देर रात तक खेतों में काम कर रहे हैं। ऐसे में एमटी-6 की लगातार मूवमेंट ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरे का संकेत मानी जा रही है।
1 जनवरी को शिवपुरी सहित पूरे मध्यप्रदेश को दी थी ब्रेकिंग न्यूज
इससे पहले 1 जनवरी को भी इस बाघिन ने सतनवाड़ा क्षेत्र में एक वृद्ध पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। सुरवाया थाना क्षेत्र के गांवों में कई मवेशियों का शिकार किया और लोगों में दहशत फैला दी थी। बढ़ते खतरे को देखते हुए वन विभाग ने 13 जनवरी 2026 को एमटी-6 का रेस्क्यू कर उसे बाड़े में बंद कर दिया था। हालांकि कुछ समय बाद रिजर्व प्रबंधन ने उसे दोबारा खुले जंगल में छोड़ दिया, लेकिन जंगल में लौटते ही उसने फिर आबादी की ओर रुख कर लिया।
घर से 50 मीटर दूर भैंस का शिकार, किसान बाल-बाल बचा
बीते 16 अप्रैल को इस बाधिन ने सुबह छह बजे रायपुर धमकन गांव पहुंच गई। यहां उसने रामबरन गुर्जर के घर से महज 50 मीटर दूर बाड़े में बैठी भैंस पर हमला कर उसे घसीटकर जंगल की ओर ले गई। इसी दौरान रामबरन गुर्जर शौच के लिए घर से बाहर निकले और उनका आमना-सामना बाघिन से हो गया। ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जिस बाघिन पर ग्रामीण की मौत का आरोप, वही फिर आबादी में
एमटी-6 वही मादा टाइगर है, जिस पर 24 अप्रैल 2026 को नरवर-सतनवाड़ा मार्ग स्थित ऐरावन गांव के 40 वर्षीय सरवन आदिवासी की जान लेने का आरोप है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया था।
अब सड़क किनारे बैठी दिखी, वीडियो हुआ वायरल
गुरुवार शाम सांख्य सागर झील के पास झांसी-शिवपुरी लिंक रोड पर कुछ युवाओं ने सड़क किनारे घनी झाड़ियों में बैठी बाघिन का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। शनिवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वन विभाग के जानकारों का मानना है कि वीडियो में दिखाई देने वाली बाघिन एमटी-6 ही है, क्योंकि उसकी लोकेशन अक्सर मझेरा और सांख्य सागर क्षेत्र में ट्रेस होती रही है।
इससे पहले भी ठाकुर बाबा मंदिर के पास सड़क पर बैठने के कारण करीब 20 मिनट तक यातायात ठप हो गया था। दोपहिया वाहन चालक तो बाघिन को देखकर वापस लौट गए थे। वन विभाग की टीम पहुंचने के बाद ही वह सड़क छोड़कर जंगल में गई।
ट्रैकिंग व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
माधव टाइगर रिजर्व में कई बाघों के रेडियो कॉलर या तो खराब हैं या लगाए ही नहीं गए हैं। ऐसे में उनकी वास्तविक लोकेशन समय पर नहीं मिल पाती। यही कारण रहा कि एमटी-6 सड़क तक पहुंच गई और वन विभाग को इसकी जानकारी बाद में मिली। पहले से ही लापता मादा टाइगर एमटी-1 का पता नहीं चल पाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब एमटी-6 का बार-बार आबादी और सड़क तक पहुंचना टाइगर मॉनिटरिंग सिस्टम की प्रभावशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
खेती के मौसम में सबसे बड़ा खतरा
इस समय किसान सुबह अंधेरे से लेकर देर रात तक खेतों में काम कर रहे हैं। कई किसान खेतों पर ही रुक रहे हैं। ऐसे में यदि एमटी-6 की गतिविधियां इसी तरह आबादी के आसपास बनी रहीं तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि बाघिन की लगातार निगरानी की जाए, प्रभावित गांवों में अलर्ट जारी किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर उसे दोबारा रेस्क्यू कर सुरक्षित क्षेत्र में रखा जाए।
सावधानी जरूरी: ग्रामीणों से अपील है कि सुबह-शाम अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाएं, बच्चों और मवेशियों को बिना निगरानी के बाहर न छोड़ें तथा बाघ दिखने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।