शिवपुरी। खरीफ सीजन के सबसे महत्वपूर्ण दौर में खाद की किल्लत ने किसानों का धैर्य जवाब दे दिया। सोमवार सुबह शिवपुरी जिले के पोहरी में खाद नहीं मिलने और टोकन वितरण में फैली अव्यवस्था के विरोध में किसानों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा।
सैकड़ों किसानों ने आईटीआई के पास शिवपुरी-श्योपुर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक हाईवे पूरी तरह थमा रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि वे कई दिनों से खाद लेने के लिए सहकारी समितियों और वितरण केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं। हर बार उन्हें टोकन खत्म होने या खाद उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर लौटा दिया जाता है। किसानों का आरोप है कि खेती के सबसे अहम समय में उन्हें खाद नहीं मिल रही, जिससे फसलों की बुवाई और उत्पादन पर संकट गहराने लगा है।
किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि बार-बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा, ताकि प्रशासन उनकी परेशानी को गंभीरता से ले।
एक घंटे तक थमा रहा हाईवे
चक्काजाम के कारण शिवपुरी-श्योपुर हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर ट्रक, बसें, कारें और अन्य वाहन लंबी कतारों में खड़े रहे। कई यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
पुलिस ने समझाइश देकर खुलवाया जाम
जाम की सूचना मिलते ही पोहरी थाना प्रभारी रवि चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन से वार्ता का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब एक घंटे बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात दोबारा सुचारु हो सका।
दोपहर की बैठक पर टिकी उम्मीदें
किसानों ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि सोमवार दोपहर होने वाली बैठक के बाद खाद की उपलब्धता और टोकन वितरण को लेकर स्पष्ट व्यवस्था बनाई जाएगी। किसानों का कहना है कि अब उनकी नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है।
चेतावनी- वादा पूरा नहीं हुआ तो फिर जाम होगा
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द खाद की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हुई और समय पर टोकन वितरण शुरू नहीं किया गया, तो वे फिर से सड़क पर उतरेंगे। उनका कहना है कि खेती का समय तेजी से निकल रहा है और यदि अभी खाद नहीं मिली तो इस बार उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।