बैराड । शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग के बैराड़ थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। बागौदा तिराहे पर बुधवार शाम एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
बाइक से शिवपुरी जा रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, भीमलाठ गांव निवासी 35 वर्षीय केदार यादव पुत्र उम्मेद यादव बुधवार शाम बाइक से शिवपुरी की ओर जा रहे थे। बताया गया है कि जब वह बैराड़ थाना क्षेत्र के बागौदा तिराहे के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि केदार यादव बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज किया रेफर
नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने केदार यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार शुरू किया गया। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान केदार यादव ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना के बाद मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस अब हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय कौन सा वाहन वहां से गुजरा था। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
%20(2).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।