शिवपुरी। बिजली कटौती से परेशान सिरसौद क्षेत्र के ग्रामीणों का विरोध अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। 27 जुलाई को बिजली समस्या के विरोध में प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर चक्काजाम करने के मामले में अमोला थाना पुलिस ने सरपंच समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने विद्युत कंपनी के लाइनमैन की शिकायत पर सरपंच सहित 10 लोगों को नामजद किया है, जबकि करीब 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
10-12 घंटे बिजली कटौती से परेशान थे ग्रामीण
सिरसौद क्षेत्र के ग्रामीण पिछले कई दिनों से लगातार बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे थे। ग्रामीणों का आरोप था कि गांव में रोजाना करीब 10 से 12 घंटे तक बिजली गुल रहती है। इससे घरेलू कामकाज के साथ-साथ खेती और पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने कई बार बिजली कंपनी के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। बिजली कंपनी की ओर से जल्द व्यवस्था सुधारने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक हालात में कोई खास बदलाव नहीं आया।
गुस्सा ऐसा फूटा कि मंत्री की निकाल दी शवयात्रा
लगातार बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा 27 जुलाई को सड़क पर दिखाई दिया। ग्रामीणों ने बिजली समस्या के विरोध में प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली और इसके बाद सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था को लेकर जमकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जब लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी तो उन्हें मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ा।
काली माता मंदिर नाले के पास लगाया जाम
विद्युत कंपनी के लाइनमैन हरभजन जोशी (61) निवासी करैरा ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार 27 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे वह ड्राइवर रामनिवास कुशवाह के साथ मामौनी खुर्द की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिरसौद के पास काली माता मंदिर नाले के समीप ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर रखा था। सड़क पर बड़ी संख्या में लोग बैठे हुए थे और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो रही थी।
सड़क पर बैठ गए 50-60 लोग, दोनों तरफ लग गई कतार
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार चक्काजाम में सरपंच अतर सिंह लोधी सहित राहुल सैन, प्रमोद कुशवाह, केशव लोधी, हेमंत लोधी, हरिकिशन लोधी, राधे वाल्मीकि, कल्ला कोली, रिंकू परिहार और पुष्पेंद्र लोधी सहित अन्य लोग शामिल थे। शिकायत में करीब 50 से 60 अन्य लोगों के भी मौके पर मौजूद होने की बात कही गई है। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
एंबुलेंस और डायल-112 के रास्ते में भी बाधा का आरोप
लाइनमैन की शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि चक्काजाम के कारण आम वाहन चालकों के साथ आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। एंबुलेंस और डायल-112 जैसी सेवाओं के वाहनों को भी रास्ते में परेशानी होने की बात शिकायत में कही गई है। पुलिस ने इसी शिकायत के आधार पर चक्काजाम और रास्ता बाधित करने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
तीन घंटे तक चला था प्रदर्शन
ग्रामीणों ने बिजली कटौती के विरोध में करीब तीन घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बिजली कंपनी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना था कि लगातार बिजली कटौती के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है और अधिकारियों को कई बार समस्या बताने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
सरपंच समेत 10 नामजद, 50-60 अज्ञात पर मामला
अमोला थाना पुलिस ने लाइनमैन की शिकायत पर सरपंच सहित 10 लोगों को नामजद किया है। इसके अलावा करीब 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 176/2026 में बीएनएस की धारा 126(2), 132 और 190 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
अब पुलिस जांच में सामने आएगी प्रदर्शन की पूरी तस्वीर
इस मामले में एक तरफ ग्रामीण बिजली कटौती से परेशान होने का हवाला देकर प्रदर्शन को अपना अधिकार बता रहे थे, वहीं पुलिस ने सड़क पर चक्काजाम कर यातायात और कथित तौर पर आपातकालीन सेवाओं को प्रभावित करने के आधार पर मामला दर्ज किया है।
अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि चक्काजाम में कौन-कौन लोग शामिल थे, सड़क कितनी देर बाधित रही और क्या वास्तव में आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में बाधा आई थी। वहीं ग्रामीणों की बिजली समस्या का समाधान हुआ या नहीं, यह भी इस पूरे विवाद का अहम पहलू बना हुआ है।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।