Shivpuri News: मुरैना के शातिर चोरों का धावा, गैस कटर से ज्वेलर्स की दुकान काटने पहुंचे

Lalit Mudgal
0
shivpuri-news

शिवपुरी।
शिवपुरी जिले के बैराड़ कस्बे में सराफा कारोबारी की दुकान को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की साजिश रचने वाले मुरैना जिले के शातिर चोर गिरोह का बैराड़ पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। गैस कटर से दुकान का ताला काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे बदमाश पुलिस की सक्रियता के चलते अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। 

मामले में पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई टाटा नेक्सॉन कार, 315 बोर का एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरोह का सरगना समेत अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

रात के अंधेरे में गैस कटर से काट रहे थे दुकान का ताला
बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि प्रिंस ज्वेलर्स के संचालक जगदीश प्रसाद गुप्ता ने 22 जुलाई को चोरी के प्रयास की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 21 जुलाई की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद करीब 1:20 बजे पुलिस की ओर से सूचना मिली कि उनकी दुकान के बाहर आग जैसी स्थिति दिखाई दे रही है।

जब पुलिस और दुकान संचालक मौके पर पहुंचे तो पता चला कि बदमाश गैस कटर की मदद से दुकान का ताला काट रहे थे। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से बिना चोरी किए फरार हो गए। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन बदमाश गैस कटर से ताला काटते स्पष्ट दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस ने उनकी पहचान के लिए जांच तेज कर दी।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुली गैंग की परतें
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के सदस्यों की पहचान की। जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना रिंकू उर्फ योगेश कुशवाह निवासी जौरा (मुरैना) है, जिसने अपने साथियों राकेश कुशवाह, देवेंद्र उर्फ देवू उर्फ चुटिया सविता और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर बैराड़ की सराफा दुकानों में चोरी की योजना बनाई थी।

घेराबंदी कर दबोची नेक्सॉन कार
26 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य टाटा नेक्सॉन कार से पहाड़गढ़ की ओर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही बैराड़ पुलिस ने सहसराम-पहाड़गढ़ मार्ग पर घेराबंदी की और संदिग्ध कार को रोक लिया। कार से सौरभ कुशवाह उम्र 20 साल निवासी भूराडाढ़ा, जिला मुरैना और आकाश रावत उम्र 28 साल निवासी भूपतपुरा, जौरा को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान सौरभ के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।

जीजा निकला गैंग का सरगना, हथियारों के साथ पहुंचे थे बदमाश
पूछताछ में सौरभ ने पुलिस को बताया कि उसका जीजा रिंकू उर्फ योगेश कुशवाह ही पूरे गिरोह का सरगना है। उसी ने बैराड़ की सराफा दुकानों को निशाना बनाने की योजना तैयार की थी। योजना के अनुसार रिंकू गैस कटर लेकर आया था, जबकि सौरभ और देवेंद्र हथियारों के साथ सुरक्षा के लिए मौजूद थे। आरोपी आकाश रावत नशे की हालत में कार के अंदर ही सो गया था। इसी बीच पुलिस के पहुंचने की भनक लगने पर सभी बदमाश मौके से भाग निकले और चोरी की वारदात अधूरी रह गई।

कई राज्यों में दर्ज हैं चोरी के मामले
पूछताछ के दौरान सौरभ ने यह भी स्वीकार किया कि वह और गिरोह का सरगना रिंकू पहले भी धौलपुर, भिंड और आगरा में चोरी की वारदातों में जेल जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार रिंकू के खिलाफ विभिन्न जिलों में चोरी के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वही पूरे गिरोह का संचालन करता है।

फिलहाल पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई टाटा नेक्सॉन कार, देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस जब्त कर लिए हैं। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का मानना है कि गिरोह से पूछताछ में अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!