बदरवास। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के बदरवास कस्बे में एक गल्ला व्यापारी पर किसानों और मजदूरों की करोड़ों रुपये की मेहनत की कमाई लेकर परिवार सहित फरार होने की खबर मिल रही हैं। ठगी के शिकार दर्जनों किसानों और दिहाड़ी मजदूरों ने बदरवास थाने पहुंचकर व्यापारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने और उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। पीड़ितों का कहना है कि जब वे रुपये मांगने व्यापारी के परिजनों के पास पहुंचे तो उन्हें पैसे देने से साफ इनकार कर दिया गया, बल्कि झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी तक दी गई।
जानकारी के अनुसार, बदरवास निवासी अमन पुत्र राजकुमार गोयल लंबे समय से गल्ला खरीदी का कारोबार करता था। स्थानीय किसानों और व्यापारियों के बीच उसकी अच्छी पहचान थी। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने कई किसानों से कभी नगद, कभी बैंक खाते में रकम ट्रांसफर कराई तो कई लोगों से फसल खरीदकर भुगतान बाद में करने का भरोसा दिया। पीड़ितों का आरोप है कि इस बार व्यापारी ने एक साथ बड़ी संख्या में लोगों से लाखों-करोड़ों रुपये का लेन-देन किया और अचानक अपनी दुकान बंद कर परिवार सहित फरार हो गया। जब लोगों ने उसकी तलाश शुरू की तो उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पीड़ितों को अपने साथ बड़ी ठगी होने का अहसास हुआ।
रुपये मांगने पर मिल रही धमकियां
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि व्यापारी के फरार होने के बाद जब पीड़ित उसके परिजनों केदारलाल गोयल और कुसुम गोयल के पास अपनी रकम मांगने पहुंचे तो उन्होंने पैसे देने से साफ मना कर दिया। इतना ही नहीं, दोबारा पैसे मांगने या फोन करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की धमकी भी दी गई।
छोटे किसान और मजदूर सबसे ज्यादा प्रभावित
इस कथित ठगी का सबसे अधिक असर छोटे किसानों और दिहाड़ी मजदूरों पर पड़ा है। कई लोगों ने अपनी फसल बेचकर मिली पूरी रकम व्यापारी के भरोसे छोड़ दी थी, जबकि कुछ ने वर्षों की जमा पूंजी उसे सौंप दी। अब उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
इन लोगों ने दर्ज कराई शिकायत
पुरुषोत्तम धाकड़ (बदरवास) – 15 लाख रुपये
रामस्वरूप धाकड़ (अमीबा, बामौर) – 1 लाख रुपये
हरिचरण धाकड़ (अमीबा) – 50 हजार रुपये
रामदयाल धाकड़ (बामौर) – 3.50 लाख रुपये
हेमंत शर्मा (बदरवास) – 5 लाख रुपये
दिनेश यादव (बदरवास) – 6.50 लाख रुपये
रामगोपाल राठौर (ईसागढ़) – 2.50 लाख रुपये
इसके अलावा चिमन सिंह, भुवनेश प्रजापति, दिलीप सैन, शीलकुमार धाकड़ सहित दर्जनों अन्य लोगों ने भी लाखों रुपये फंसे होने का दावा किया है। पीड़ितों का कहना है कि अभी कई और लोग सामने आने बाकी हैं, जिससे कथित ठगी की कुल रकम करोड़ों रुपये तक पहुंच सकती है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ितों ने बदरवास थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अमन गोयल के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करने, उसकी तलाश कराने और सभी पीड़ितों की रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।