Shivpuri News: प्यासे कंठो को लेकर सडक पर उतरी भेडे, मामला तालाब पर अतिक्रमण का

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। पिछोर अनुभाग के खोड़ गांव में वर्षों पुराने रास्ते के विवाद ने मंगलवार को उस समय तूल पकड़ लिया, जब पाल समाज के लोग अपनी सैकड़ों भेड़ों को लेकर गौरा टीला-पिछोर मार्ग पर पहुंच गए। देखते ही देखते सड़क पर भेड़ों का रेवडा खड़ा हो गया और यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया। करीब एक घंटे तक चले इस अनोखे प्रदर्शन से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पाल समाज के लोगों का आरोप है कि खोड़ टपरियन क्षेत्र में तालाब तक जाने वाले पारंपरिक रास्ते पर अतिक्रमण कर मकान बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि इसी मार्ग से वर्षों से भेड़ों को तालाब तक पानी पिलाने ले जाया जाता रहा है, लेकिन अब रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है। समाज का दावा है कि तालाब शासकीय भूमि पर स्थित है और वहां तक जाने वाला मार्ग भी सार्वजनिक उपयोग का है।

भेड़ों के साथ जताया विरोध
अपनी मांगों को लेकर पाल समाज ने इस बार अलग अंदाज में विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारी अपनी सैकड़ों भेड़ों को लेकर सीधे सड़क पर पहुंच गए। भेड़ों के सड़क पर खड़े होते ही पूरा मार्ग जाम हो गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

पुलिस और वन विभाग ने संभाला मोर्चा
चक्का जाम की सूचना मिलते ही खोड़ चौकी प्रभारी कुसुम गोयल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उनके साथ वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद को शांत कराने का प्रयास किया और समझाइश दी कि मामले का समाधान प्रशासनिक स्तर पर कराया जाएगा।

रास्ता नहीं खुला तो फिर होगा आंदोलन
पाल समाज के प्रतिनिधि विजय पाल, अंकेश पाल और महेंद्र पाल ने कहा कि उनकी मुख्य मांग तालाब तक जाने वाले पारंपरिक रास्ते को बहाल कराना है। उनका कहना है कि यदि रास्ता नहीं खोला गया तो पाल समाज भविष्य में और बड़ा आंदोलन करेगा।

जांच का आश्वासन, खुला जाम
करीब एक घंटे तक चली बातचीत के बाद पाल समाज के लोगों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया और भेड़ों को सड़क से हटा लिया। इसके बाद गौरा टीला-पिछोर मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!