शिवपुरी। शिवपुरी की रसोई गैस सिलेंडर की ऋषि गैस एजेंसी के सिलेंडरो में वजन घोटाले की खबर मिल रही हैं,शिवपुरी की तारकेश्वरी कॉलोनी में निवास करने वाले एक सोनी परिवार के यहां आज एक सिलेंडर पहुंचा था इस परिवार के मुखिया ने सिलेंडर का वजन कराया तो उसमें 3 किलोग्राम गैस कम निकली इस बात पर विवाद हुआ और सिलेंडर से भरे वाहन को थाने में रखवा दिया। हालांकि गैस एजेंसी संचालक ने सिलेंडर में गैस कम होने पर अपनी सफाई भी दी है।
जानकारी के अनुसार तारकेश्वरी कॉलोनी निवासी कैलाश सोनी के घर गैस एजेंसी का हॉकर सिलेंडर लेकर पहुंचा था। संदेह होने पर जब सिलेंडर का वजन कराया गया तो उसमें करीब तीन किलोग्राम गैस कम पाई गई। इसके बाद उपभोक्ता और आसपास के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने मांग की कि वाहन में मौजूद अन्य सिलेंडरों की भी जांच कराई जाए ताकि हकीकत सामने आ सके।
जांच की मांग के बीच वाहन लेकर भागा हॉकर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब लोगों ने अन्य सिलेंडरों का वजन कराने की बात कही तो हॉकर अचानक वाहन लेकर निकलने लगा। इस दौरान उसकी गाड़ी पार्षद विजय शर्मा की मोटरसाइकिल से टकरा गई। आरोप है कि इसके बाद हॉकर मौके से फरार हो गया घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे पार्षद विजय शर्मा और मोहित सोनी ने हॉकर का पीछा किया और नीलगर चौराहे के पास वाहन को रोक लिया। इसके बाद हॉकर और वाहन को देहात थाना ले जाया गया।
थाने में भी चला ड्रामा, फिर बुलानी पड़ी गाड़ी
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि देहात थाने पहुंचने के बाद हॉकर एक बार फिर वाहन लेकर वहां से निकल गया। इसके बाद पुलिस ने गैस एजेंसी से संपर्क किया और वाहन को दोबारा थाने बुलवाया। कुछ समय तक थाने में गहमागहमी और बहस का माहौल बना रहा, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
हॉकर की सफाई- गलती से बदल गया सिलेंडर
हॉकर ने अपने बचाव में कहा कि उसे पहले भी एक सिलेंडर को लेकर शिकायत मिली थी। वह संबंधित उपभोक्ता के घर से वह सिलेंडर वापस लेकर आया था। उसका कहना है कि भूलवश वही शिकायत वाला सिलेंडर कैलाश सोनी के यहां पहुंच गया, जिससे विवाद की स्थिति बन गई।
फिलहाल पूरे मामले में जांच की मांग उठ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सिलेंडर में गैस कम मिलने की शिकायत सही है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।