शिवपुरी माधव टाइगर रिजर्व में 3 महीने के लिए पर्यटकों की नो एंट्री, इस वाटर फॉल पर भी रोक

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
शिवपुरी टाइगर रिजर्व मे अब 3 महीने के लिए पर्यटकों के लिए नो एंट्री का बोर्ड टांग दिया गया है,इधर शिवपुरी और ग्वालियर जिले की सीमा पर स्थित सुल्तानगढ़ वाटर फॉल पर भी संभावित हादसों की आशंका को देखते हुए अगले दो महीने तक आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। एमटीआर मे 1 जुलाई से 30 सितंबर तक का प्रतिबंध का निर्णय जानवरों के प्रजनन काल और  पर्यटकों की सलामती और वर्षा काल में बढ़ने वाले जोखिमों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मानसून के दौरान देश के अधिकांश टाइगर रिजर्व और राष्ट्रीय उद्यान हर साल बंद किए जाते हैं। लगातार बारिश के कारण जंगल के अंदर बने कच्चे रास्ते खराब हो जाते हैं, जिससे सफारी वाहनों के फंसने और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे हालात में पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

बारिश का मौसम वन्यजीवों के लिए भी बेहद संवेदनशील माना जाता है। इसी अवधि में बाघ, तेंदुआ, सांभर, चीतल और अन्य वन्यजीवों का प्रजनन काल चलता है। कई वन्यजीव अपने बच्चों के साथ जंगल में रहते हैं। ऐसे समय में इंसानी गतिविधियां उनके प्राकृतिक व्यवहार और सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं। यही वजह है कि वन्यजीव संरक्षण के मद्देनजर हर वर्ष मानसून के दौरान पार्कों को पर्यटकों के लिए बंद रखा जाता है।

मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल माधव टाइगर रिजर्व में हर वर्ष हजारों पर्यटक बाघ, तेंदुआ, सांभर, नीलगाय और अन्य वन्यजीवों को देखने पहुंचते हैं। पार्क प्रबंधन का कहना है कि मानसून के दौरान वन विभाग सड़क मार्गों की मरम्मत, जंगल के अंदर सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने और आगामी पर्यटन सत्र की तैयारियों में जुटा रहेगा। इसके बाद 1 अक्टूबर से नया पर्यटन सीजन शुरू होगा और पर्यटकों के लिए एक बार फिर जंगल सफारी का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। हालांकि इस संबंध में औपचारिक आदेश मंगलवार को जारी किया जाएगा, लेकिन पार्क प्रबंधन ने स्पष्ट कर दिया है कि 1 जुलाई से टाइगर रिजर्व पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। माधव टाइगर रिजर्व के रेंजर वृंदावन यादव ने इसकी पुष्टि की है।

सुल्तानगढ़ वाटरफॉल पर भी दो महीने का प्रतिबंध
इधर, मानसून के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने सुल्तानगढ़ वाटर फॉल पर भी तत्काल प्रभाव से अगले दो महीने तक आमजन के प्रवेश पर रोक लगा दी है। एसडीएम आनंद सिंह राजावत द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि वर्षा के मौसम में झरने पर तेज जलप्रवाह, बढ़ता जलस्तर और फिसलन के कारण हादसों की आशंका काफी बढ़ जाती है।

प्रशासन के अनुसार हर वर्ष बारिश के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक सुल्तानगढ़ वाटर फॉल पहुंचते हैं। कई बार लोग सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी कर जोखिम भरे स्थानों तक चले जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। प्रभारी तहसीलदार सुभाषपुरा और थाना प्रभारी सुभाषपुरा की संयुक्त रिपोर्ट के आधार पर यह प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि यह आदेश आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि प्रतिबंध अवधि के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और पर्यटन स्थलों पर जाने से बचें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!