नरवर। शिवपुरी जिले की नरवर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिमरिया, इमलिया और पारागढ़ में शनिवार (2 मई 2026) को प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला। क्षेत्र में चली तेज आंधी ने गेहूं की नरवाई में लगी सामान्य आग को दावानल में बदल दिया, जिससे किसानों की 100 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में खड़ी लहसुन की बेशकीमती फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।आंधी ने बढ़ाई आग की रफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों और सिमरिया सरपंच शैलेंद्र इंदर सिंह रावत के अनुसार, आग की शुरुआत खेतों में मौजूद नरवाई से हुई थी। उसी दौरान चली तेज आंधी ने आग को "पंख" दे दिए, जिससे लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने केवल खेतों को ही नहीं, बल्कि गांवों के रिहायशी इलाकों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
भारी आर्थिक नुकसान
इस भीषण अग्निकांड में किसानों का बडा नुकसान हुआ है,खेतो मे खडा लगभग 100 बीघा लहसुन जल गया, कई मोटरसाइकिलें, ट्रैक्टर और ट्रालियां आग की भेंट चढ़ गईं।100 से ज्यादा भूसे के ढेर (कूप) और कंडों के ढेर जल गए। कई घरों में रखा अनाज भी खाक हो गया। बताया जा रहा है कि इस आग की आंधी में किसान माधो सिंह रावत, गुलाब सिंह, दीवान सिंह, देशराज रावत, और परमा कोली सहित दर्जनों किसानों का सर्वस्व नष्ट हो गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बेकाबू होते देख प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर मगरौनी, नरवर, करैरा और भीतरवार से दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया।
मुआवजे की मांग
घटनास्थल पर नरवर तहसीलदार, मगरौनी चौकी प्रभारी और पटवारी ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सरपंच और पीड़ित ग्रामीणों ने शासन से गुहार लगाई है कि उनकी साल भर की कमाई स्वाहा हो चुकी है, अतः उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। तहसीलदार ने आश्वासन दिया है कि राजस्व विभाग की टीम नुकसान का सटीक आकलन (सर्वे) कर रही है, जिसके आधार पर सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।