शिवपुरी। शहर के पुरानी शिवपुरी क्षेत्र में रहने वाली एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपनी पुत्रवधु और उसके परिजनों पर मानसिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पीड़ित महिला ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
चित्रगुप्त मंदिर के पास रहने वाली मुख्त्यार बेगम ने अपने आवेदन में बताया कि उनकी पुत्रवधु शम्मो आए दिन उनके साथ अभद्र व्यवहार करती हैं। महिला का आरोप है कि बहू द्वारा लगातार अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे उन्हें मानसिक रूप से काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर जहां उन्हें परिवार के सहयोग और सम्मान की आवश्यकता है, वहीं उन्हें प्रताड़ना और तनाव का सामना करना पड़ रहा है।
विरोध करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी
मुख्त्यार बेगम का आरोप है कि जब भी वे बहू के व्यवहार का विरोध करती हैं तो उन्हें झूठे पुलिस केस और कोर्ट-कचहरी में फंसाने की धमकियां दी जाती हैं। इससे पूरा परिवार भय और तनाव के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर है। बुजुर्ग महिला ने कहा कि लगातार हो रहे विवादों से उनकी मानसिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
बहू के परिजनों पर भी लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि उनकी पुत्रवधू के भाई और अन्य रिश्तेदार भी आए दिन उनके घर पहुंचकर विवाद करते हैं। महिला का आरोप है कि वे लोग गाली-गलौज करते हैं और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर परिवार पर दबाव बनाते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर भय महसूस होने लगा है।
विवाह को लेकर भी उठाए सवाल
मुख्त्यार बेगम ने अपनी पुत्रवधू पर यह आरोप भी लगाया है कि उन्होंने अपने पूर्व वैवाहिक संबंध समाप्त किए बिना ही उनके पुत्र से विवाह किया है। महिला ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
एसपी से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
बुजुर्ग महिला ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार के बीच विवाद और अधिक बढ़ सकता है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।