करैरा। शिवपुरी जिले करैरा अनुविभाग के अमोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आमोलपठा चौकी के ग्राम सिरनाम की बस्ती में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक युवक की खेत में करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा इसलिए और भी अधिक मार्मिक है क्योंकि मृतक के बड़े भाई की भी ठीक 21 दिन पहले संदेहास्पद परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, 25 वर्षीय नरेन्द्र लोधी, पुत्र हरपाल लोधी, गुरुवार शाम अपने घर पर था। घर की बिजली गुल होने के कारण वह पास ही स्थित अपने खेत पर बिजली के तारों की जांच करने गया था। जैसे ही नरेन्द्र खेत पर पहुंचा और तारों को चेक करने लगा, वह उसमें प्रवाहित हो रहे हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया।
करंट का झटका इतना जोरदार था कि नरेन्द्र वहीं बेसुध होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन उसे करैरा अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। अमोला पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और जांच शुरू कर दी है।
उसी स्थान पर हुई मौत जहाँ भाई ने दम तोड़ा था
इस पूरी घटना में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला संयोग सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक नरेन्द्र के बड़े भाई रविंद्र लोधी (30 वर्ष) की लाश ठीक 21 दिन पहले खेत के उसी पेड़ पर लटकी मिली थी। विडंबना देखिए कि गुरुवार को नरेन्द्र की मौत भी उसी पेड़ के पास से गुजर रहे बिजली के तारों में आए करंट के कारण हुई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पिता हरपाल लोधी के दोनों जवान बेटों की महज तीन सप्ताह के भीतर मौत हो जाने से पूरा गांव स्तब्ध है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और बस्ती में सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ही घर से इतनी जल्दी दो जवान अर्थियां निकलने की खबर ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या बिजली कंपनी की लापरवाही के कारण तारों में करंट फैला था।
%20(4).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।