नरेन्द्र जैन @ खनियाधाना। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के खनियाधाना थाना सीमा में आने वाले खजरा गांव में एक युवक की लाश मिली है। युवक की सिर कुचलकर हत्या की है। युवक गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने शिवपुरी से 2 दोस्तों के साथ इस गांव में आया था। घटनास्थल से खून से सना पत्थर और खाली शराब की बोतल बरामद हुई है। पुलिस ने मृतक के साथ आए दो दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुशील उर्फ शिम्पल उपाध्याय शिवपुरी शहर के गौशाला क्षेत्र में निवास करता था और शिवपुरी शहर गुना बायपास स्थित सूर्या होटल में काम करता था। उसी होटल में शेषपाल और कल्लू आदिवासी भी कार्यरत थे। तीनों आपस में दोस्त थे।
बताया गया है कि कल्लू आदिवासी ग्राम बंगला थाना बामौरकलां का रहने वाला है। उसकी बेटी अपनी ननिहाल खजरा गांव में रहती है, जहां रविवार को शादी समारोह आयोजित था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कल्लू, सुशील और शेष राम शिवपुरी से खजरा गांव पहुंचे थे।
रात में शराब पार्टी, दोपहर में मिला शव -
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार रात तीनों युवक गांव के बाहर गए थे, जहां उन्होंने शराब पार्टी की। इसके बाद सोमवार दोपहर सुशील उपाध्याय का शव गांव के बाहर मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस को मौके से खून से सना पत्थर और खाली शराब की बोतल भी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से हमला कर उसकी हत्या की गई।
दो दोस्तों को लिया हिरासत में -
हत्या किन कारणों से हुई और वारदात में कौन शामिल है, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के साथ आए दोनों युवकों को राउंड अप कर पूछताछ शुरू कर दी है। पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ग्वालियर से एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।