शिवपुरी। छोटे अधिकारी, अपने वरिष्ठ अधिकारियों से ही सीखते हैं। पिछले दिनों अपने खिलाफ शुरू हुई जांच का विरोध करने के लिए डीपीसी शिरोमणि दुबे ने जिले भर के शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर रैली निकलवाई थी। अब अपने निलबंन के विरोध में शासकीय अनुसूचित जाति कन्या उत्कृष्ट छात्रावास बदरवास की छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती रामकुमारी कोली छात्रावास की छात्राओ के साथ जिला कलेक्ट्रेट पहुंची और इन छात्राओ से मांग कराई कि अधीक्षिका को निलबंन निरस्त किया जाए।
कलेक्टर ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने अधीक्षिका द्वारा छात्राओं को शुक्रवार की शाम को कलेक्ट्रेट लाने पर नाराजगी व्यक्त करने हुए अधीक्षिका की जमकर तलाड लगाते हुए कहा कि बिना अनुमति के छात्राओं को लेकर आना उचित नहीं है।
कलेक्टर ने तत्काल जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि छात्रावास की छात्राओं को वाहन व्यवस्था कर महिला पुलिस के साथ वापस छात्रावास सुरक्षित पहुंचाने की कार्यवाही करें। कलेक्टर ने आदिम जाति कल्याण विभाग के सभी छात्रावास अधीक्षिकों को भी निर्देश दिए कि इस प्रकार बिना अनुमति के छात्र-छात्राओं को लेकर न आए।
उल्लेखनीय है कि कल कलेक्टर श्री श्रीवास्तव द्वारा कोलारस एवं बदरवास विकासखण्ड के भ्रमण के दौरान शासकीय अनुसूचित जाति कन्या उत्कृष्ट छात्रावास बदरवास और शासकीय अनुसूचित जाति बालक छात्रावास माढ़ा का आकस्मिक निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान कन्या छात्रावास की अधीक्षिका अनुपस्थित पाई गई और छात्रावास की छात्राओ द्वारा गुणवत्ता का भोजन प्रदाय न करने की शिकायत की थी। कलेक्टर ने छात्राओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से छात्रावास अधीक्षिका को निलंबित करने और दो रसोईयो की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए थे।